भिवानी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जिले के 452 राशन डिपो पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक डिपो पर एक सरकारी कर्मचारी की बतौर नोडल अधिकारी तैनाती की गई है, जबकि प्रत्येक डिपो पर समाजसेवी व प्रबुद्ध लोगों को अतिथि बनाया जाएगा। 18 व 19 अगस्त को दो दिनों तक होने वाले अन्नपूर्णा उत्सव में गरीबों को पांच किलो व दस किलोग्राम के थैले में मुफ्त गेहूं उपलब्ध कराया जाएगा।
भिवानी पीआर सेंटर के एएफएसओ नरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्नपूर्णा उत्सव को लेकर जिले भर के 452 राशन डिपो पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति जिला प्रशासन व खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अनिल कालरा के निर्देश पर की गई है। अन्नपूर्णा उत्सव के दौरान नोडल अधिकारी का काम यह सुनिश्चित करना होगा कि डिपो पर आने वाले प्रत्येक गरीब परिवार के सदस्य को पांच किलोग्राम व दस किलोग्राम के थैले के अंदर गेहूं मुफ्त उपलब्ध कराने में किसी तरह की कठिनाई न आए। गौरतलब है कि जिले के एक लाख 45 हजार से अधिक गरीब परिवारों को हर माह सस्ती दरों पर राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी के साथ प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत प्रत्येक सदस्य को पांच किलोग्राम गेहूं मुफ्त में उपलब्ध कराया जा रहा है।
अन्नपूर्णा उत्सव को लेकर सभी डिपो धारकों को हिदायतें दी जा चुकी है वहीं नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है। उन्नपूर्णा उत्सव के दौरान कोई भी कर्मचारी या डिपो धारक किसी भी तरह की कोई कोताही बरतता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पात्र लोगों से भी अनुरोध किया जा रहा है कि वे उत्सव के दौरान अधिक से अधिक संख्या में राशन लेने पहुंचे।
-अनिल कालरा, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक भिवानी।