बहल। चौ. बंसीलाल यूनिवर्सिटी (सीबीएलयू) की मेजबानी में बीआरसीएम शिक्षण संस्थान में आयोजित हुई तीन दिवसीय अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय महिला कुश्ती प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) रोहतक की टीम प्रथम विजेता बनी। ओपीजेएस यूनिवर्सिटी चूरू को दूसरा और शिवाजी यूनिवर्सिटी कोल्हापुर को तीसरा स्थान मिला।
बुधवार को हुए मुकाबलों में 53 किलो भार वर्ग में शिवाजी यूनिवर्सिटी कोल्हापुर की शिंदे स्वाति संजय ने प्रथम, भगत फूलसिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां की संगीता ने द्वितीय स्थान मिला। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक की अंजलि व चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय जींद की मीनाक्षी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 57 किलोग्राम भार वर्ग में एमडीयू रोहतक की मानसी ने प्रथम, बीटीएम मणिपुर की उषा ने द्वितीय, डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध यूनिवर्सिटी अयोध्या की मानसी यादव व चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी मेरठ की उन्नति राठौर ने तीसरा स्थान हासिल किया। 59 किलोग्राम भार वर्ग में ओपीजेएस चूरू की पुष्पा ने प्रथम, गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर की मंजू ने दूसरा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय यूनिवर्सिटी सीकर की नीतिका एवं भगत फूलसिंह महिला विश्वविद्यालय की कुसुम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 65 किलोग्राम भार वर्ग में एमडीयू रोहतक की प्रियंका ने प्रथम, कुमाऊं यूनिवर्सिटी नैनीताल की तनु मलिक ने द्वितीय स्थान हासिल किया। इसी भार वर्ग में गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर की प्रीति व ओपीजेएस यूनिवर्सिटी चुरू की कोमल दलाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 68 किलोग्राम भार वर्ग में ओम स्टर्लिंग यूनिवर्सिटी हिसार की निशा ने प्रथम, गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय हिसार की सोनिका हुड्डा ने द्वितीय, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक की तमन्ना व चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय सिरसा की आरजू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 76 किलो भार वर्ग में ओपीजेएस चूरू की पूजा ने प्रथम, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी पंजाब की सुमन ने दूसरा, गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर की जसनवीर कौर व चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय जींद की भावना ने तीसरा स्थान हासिल कर विजेता बनी।
विश्व पटल पर परचम लहरा रहीं बेटियां : डॉ. नीलम
समापन समारोह में मुख्य अतिथि भगत फूलसिंह महिला विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. नीलम मलिक ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में हमारी बेटियां अपनी प्रतिभा के दम पर विश्व पटल पर देश का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को खेलों में भी अपनी प्रतिभा को आजमाना चाहिए। बीआरसीएम संस्थान के निदेशक डॉ. एसके सिन्हा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सीबीएलयू द्वारा बीआरसीएम संस्थान को राष्ट्रीय स्तर एक बड़े खेल आयोजन का जो अवसर दिया है इसके लिए हम संस्थान की ओर से विश्वविद्यालय का आभार प्रकट करते हैं। सीबीएलयू के खेल निदेशक डॉ. सुरेश मलिक ने कहा कि विश्वविद्यालय ने कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल एवं कुलसचिव ऋतु सिंह के मार्गदर्शन में महज चार साल के कार्यकाल में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस अवसर पर खेल विभाग के पूर्व उपनिदेशक सुखबीर सिंह, प्राचार्य अनुज शर्मा, प्राचार्य डॉ. गोपाल शर्मा, सीएफओ मनीष खत्री, रजिस्ट्रार पवन पंघाल, बृजभान कोच, भूपेंद्र कोच, मनजीत कोच, राजेंद्र सिंह कोच, डॉ. शर्मिला बूरा, एपीआरओ ऋषि शर्मा सहित अनेक प्रशिक्षक, टीम मैनेजर एवं प्रतिभागी खिलाड़ी उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. सुपर्णा ने किया।