फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: धधक उठी गद्दा फैक्टरी, धुआं-धुआं हुआ आसमान

Mon, 01 Apr 2024 07:43 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर गांव देवसर के समीप एक गद्दा फैक्टरी में रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अचानक आग लग गई। गद्दा फैक्टरी के अंदर धधक रही आग से धुएं के गुबार को करीब दो किलोमीटर ऊंचाई तक दूर शहर से भी देखा गया। आग पर काबू पाने के लिए रोहतक से तीन, सिवानी से तीन, चरखी दादरी से तीन और लोहारू से एक दमकल के अलावा भिवानी से दस दमकल की गाड़ियों ने करीब 80 से अधिक चक्कर लगाकर आग पर लगातार पानी की बौछारें छोड़ी, मगर फिर भी आग पूरी तरह से शांत नहीं हो पाई। आग पर काबू पाने के लिए छह घंटे तक कड़ी मशक्कत की।
विज्ञापन

आग से फैक्टरी मालिक ने करीब पांच करोड़ के नुकसान का दावा किया है। वहीं इस हादसे में फैक्टरी के अंदर दम घुटने से आठ गायों व बछड़ी की मौत हो गई। जूईकलां पुलिस थाना की टीम भी मौके पर पहुंची और फैक्टरी के अंदर आग पर काबू पाने के लिए चुनावी ड्यूटी देने आए अर्द्ध सैनिक बलों के जवान भी जुट गए।
मूल रूप से ढिगावा निवासी नितेष कुमार ने करीब तीन साल पहले ही देवसर के समीप करीब ढाई एकड़ भूमि पर गद्दा बनाने की फैक्टरी लगाई थी। उसकी फैक्टरी में औसतन 15 से 20 मजदूर काम करते थे। लेकिन होली पर मजदूर अपने गांव गए हुए थे। रविवार को छुट्टी थी और फैक्टरी के अंदर तीन से चार मजदूर ही मौजूद थे। अंदाजा यह भी लगाया जा रहा है कि शार्ट सर्किट होने से आग अचानक भड़क गई। गद्दा बनाने में फैक्टरी के अंदर केमिकल का भी इस्तेमाल किया जाता था, वहां पर दर्जन भर से अधिक केमिकल के ड्रम भी रखे हुए थे। चंद मिनटों में ही आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी फैक्टरी काले धुएं के आगोश में समा गई। काला धुआं करीब दो किलोमीटर ऊंचाई तक पहुंचा जिसे करीब दस किलोमीटर दूर शहर में भी देखा गया। दमकल की एक के बाद एक 20 गाड़ियों ने आग पर काबू पाने के लिए करीब छह घंटे तक कड़ी मशक्कत की। आग पर लगातार पानी की बौछारें डालीं। मगर इसके बावजूद भी आग पूरी तरह से शांत नहीं हुई।
विज्ञापन



सिलिंडर फटने से विकराल हो गई आग
फैक्टरी के अंदर दमकल वाले आग बुझा रहे थे तो इसी दौरान अंदर रखा गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। जिससे आग और धुआं और अधिक गहरा गया। जिसके बाद आसपास के लोग भी दूर भागने लगे। आग पर जितना काबू पाया था उससे कई गुना वेग से आग फैक्टरी में और अधिक भड़क उठी। जिससे दमकल कर्मचारियों को भी काफी देर तक जूझना पड़ा।


नितेष के छोटे भाई निखिल की 18 अप्रैल की शादी
देवसर मोड़ स्थित कॉटन फैक्टरी संचालक पिंटू ने बताया कि नितेष की फैक्टरी में हुआ हादसा भयानक ही नहीं बल्कि परिवार के लिए भी बड़ी दुखद घटना है। नितेष के छोटे भाई निखिल की 18 अप्रैल को शादी है। उसकी शादी की छह अप्रैल को ढिगावामंडी में प्रतिभोज भी रखा हुआ है। इस बीच ये बड़ा हादसा परिवार के लिए बड़ी गहरी चोट है।

खूंटे से बंधी आठ गायों व बछड़ी ने तोड़ दिया दम
फैक्टरी के अंदर ही नितेष ने गायों के लिए अलग से शेड बनाया हुआ था। पिंटू ने बताया कि हादसे के दौरान आठ गाय व बछड़ी भी बाड़े में खूंटे से बंधी थी। धुएं से उनका दम घुटने से मौत हो गई। गो रक्षा दल सदस्य संजय परमार की टीम भी मौके पर पहुंची। सभी गायों को फैक्टरी परिसर में ही विधि-विधान से दफना दिया। पिंटू ने बताया कि इन गायों के लिए नितेष ने देवसर मोड़ मंदिर के पास ही नया शेड बनवाया था, जिन्हें यहां से दो दिन बाद शिफ्ट भी किया जाना था, मगर होनी को कुछ और ही मंजूर था।

देवसर मोड़ पर गद्दा फैक्टरी के अंदर आग की सूचना मिली थी। जिसके बाद आसपास के जिलों से भी दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया है। मैं खुद वहां मौके पर पहुंच गया। लगातार दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की है, अब भी मौके पर दो से तीन गाड़ियां लगातार धधक रही आग को शांत करने में जुटी है। आग किस वजह से लगी इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है।
विज्ञापन

-याशीन खान, जिला दमकल अधिकारी भिवानी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें