भिवानी। गांव खरक में विवाहिता ने चूहे मारने वाली दवा निगल कर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना खरक पुलिस को दी। पुलिस ने महिला के शव का रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम कराया, वहीं महिला के पिता की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज हुआ है।
गांव दिनोद निवासी मुकेश कुमार ने सदर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके दो बेटी व एक बेटा है। उसकी बड़ी बेटी भारती की शादी करीब पांच साल पहले गांव खरक निवासी अंकित के साथ की थी। शादी के बाद उसकी बेटी को एक बेटा व एक बेटी है। 23 दिसंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे अंकित के पिता सुग्रीव सिंह का उसके पास फोन आया। उसने बताया कि भारती ने चूहे मारने वाली दवाई खा ली है और उसे कलानौर के एक अस्पताल में ले जाया गया है। उसके बाद अंकित ने रात पौने आठ बजे फोन पर बात की तो उसने बताया कि भारती को रोहतक पीजीआई ले जाया गया है। फिर रात दो बजे अंकित ने फिर फोन कर बताया कि भारती की मौत हो चुकी है। मुकेश कुमार ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी ने उसके दामाद अंकित की वजह से जहर खाकर अपनी जान दी है। सदर पुलिस ने सूचना मिलने के बाद रोहतक पीजीआई पहुंचकर महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया। इस संबंध में मुकेश कुमार की शिकायत पर आरोपी अंकित के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है।