फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भिवानी खनन हादसा: डाडम में जांच शुरू, रिटायर्ड आईएएस एसएस प्रसाद के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंचे कमेटी सदस्य

Tue, 01 Feb 2022 01:50 PM IST
निवेदिता वर्मा संवाद न्यूज एजेंसी, तोशाम

सार

हरियाणा सरकार द्वारा डाडम की पहाड़ी में हुए हादसे को लेकर एक कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी का मंगलवार को पहला दौरा है। कमेटी पड़ताल करेगी कि हादसा क्यों हुआ।
विज्ञापन
डाडम पहुंची जांच कमेटी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के भिवानी में डाडम पहाड़ी में हुए हादसे की जांच को लेकर रिटायर्ड आईएएस एसएस प्रसाद के नेतृत्व में गठित कमेटी मंगलवार को घटनास्थल पर पहुंची। एसएस प्रसाद ने कहा कि मामले की गहनता से जांच होगी, हादसे की पुनरावृत्ति न हो इसका भी ध्यान रखा जाएगा। कमेटी ने घटनास्थल का जायजा लिया। 

विज्ञापन


इस दौरान कमेटी ने पहाड़ ठेकेदारों से भी कुछ सवालों के जवाब जाने। कमेटी के सदस्य उस स्थान पर पहुंचे जहां शिलाएं खिसकर नीचे गिर गई थीं। लोग व वाहन दब गए थे। कमेटी का नेतृत्व कर रहे रिटायर्ड आईएएस एसएस प्रसाद सोमवार को ही भिवानी पहुंच गए थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे कमेटी सदस्य व अन्य अधिकारीगण घटनास्थल पर पहुंचे और करीब एक बजे कमेटी मौके का मुआयना कर वापस भिवानी रवाना हुई। इस संबंध में कमेटी का नेतृत्व कर रहे रिटायर्ड आईएएस एसएस प्रसाद से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जैसा कि आपको मालूम है हादसे में पांच लोगों की जाने चली गई व तीन घायल हो गए।

भविष्य में इस तरह की घटना न हो और हादसे के कारण क्या रहे इसकी जांच के लिए प्रदेश सरकार के द्वारा कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी का यह पहला दौरा है। कमेटी पड़ताल करेगी कि हादसा क्यों हुआ और इस बात पर भी फोकस रहेगा कि भविष्य में इस तरह के हादसे की पुनरावृत्ति न हो।
विज्ञापन


यहां जिला प्रशासन के अलावा भारत सरकार व खनन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद हैं। खनन अधिकारियों से भी बात की है। संबंधित सभी अधिकारियों के साथ अभी मीटिंग होगी, जिसमें विस्तृत चर्चा की जाएगी। इस अवसर पर कमेटी के सदस्य उपायुक्त आरएस ढिल्लो, अतिरिक्त उपायुक्त राहुल नरवाल, दीपक हुड्डा, एएसपी हितेश यादव, एसडीएम मनीष कुमार फोगाट, माइनिंग सेफ्टी विभाग के डिप्टी डायरेक्टर एके दास, प्रदूषण विभाग के एसडीओ अप्रणेश कौशिक, एमओ भूपेंद्र सिंह सहित कमेटी के  सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

विज्ञापन

एसएस प्रसाद ने ली अधिकारियों से जानकारी, एक महीने बाद फिर होगी बैठक

डाडम पहाड़ में हुए हादसे की जांच के लिए प्रदेश सरकार द्वारा बनाई गई कमेटी के अध्यक्ष रिटायर्ड आईएएस एसएस प्रसाद मंगलवार को भिवानी पहुंचे। पहले उन्होंने डाडम में जाकर हादसा होने वाली साइट का मुआयना किया और उसके बाद भिवानी रेस्ट हाउस में अधिकारियों की बैठक की।

 बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से हादसे के बारे में रिपोर्ट ली। वहीं खनन एजेंसी के मालिक और एजेंसी के अधिकारियों से भी उन्होंने पूछताछ की है। अब एक महीने बाद फिर से इस मामले की जांच के लिए बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस समय अवधि में वह अब तक ली गई जानकारियों का अध्ययन करेंगे। 

बता दें कि एक जनवरी को डाडम खनन क्षेत्र में पहाड़ का बड़ा हिस्सा खिसक गया था और बड़ी-बड़ी शिलाएं नीचे वाहनों पर आ गिरी थीं। इससे जहां आधा दर्जन से ज्यादा वाहन चकनाचूर हो गए, वहीं पांच लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में प्रदेश सरकार ने रिटायर्ड आईएएस अधिकारी एसएस प्रसाद के नेतृत्व में जांच कमेटी का गठन किया था। उसी सिलसिले में मंगलवार को एसएस प्रसाद जांच के लिए भिवानी पहुंचे थे। रेस्ट हाउस में मीटिंग के दौरान उन्होंने वन, खनन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बातचीत की और हालात का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने अब तक मामले में विभिन्न विभागों द्वारा की गई जांच के बारे में भी जानकारी हासिल की। 

अध्ययन कर एक माह बाद दोबारा मीटिंग होगी

एसएस प्रसाद ने अधिकारियों से डाडम खनन क्षेत्र की पूरी जानकारी, नक्शा और उससे संबंधित हर बात के बारे में पूछताछ की। अधिकारियों से जानकारी लेने के बाद उन्होंने कहा कि वे एक माह बाद मामले में दोबारा मीटिंग लेंगे। इस दौरान वे अब तक जुटाई गई जानकारियों का अध्ययन करेंगे। जिला खनन अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि कमेटी अध्यक्ष एक माह बाद फिर से मीटिंग लेने आएंगे।

चार फरवरी को आएगी एनजीटी की टीम

सोमवार से डाडम में खनन फिर से शुरू कर दिया गया है। अब चार फरवरी को एनजीटी की टीम जांच के लिए डाडम पहुंचेगी। टीम पहले हुए हादसे के संबंध में भी जांच करेगी और अब किए जा रहे खनन के बारे में भी जानकारी लेगी। अब किए जा रहे खनन में अगर नियमों की लापरवाही पाई जाती है तो खनन पर फिर से रोक लग सकती है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें