भिवानी के गांव देवसर में ढाई माह की गर्भवती पत्नी को चौथी मंजिल से नीचे धकेलने का मामला सामने आया है। आरोप पति पर लगा है। करीब डेढ़ साल पहले कृष्णा कॉलोनी निवासी 21 वर्षीय युवती के साथ गांव देवसर निवासी युवक का प्रेम विवाह हुआ था। फिलहाल गंभीर रूप से घायल युवती को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में लाया गया है। वहीं मामले की शिकायत जूईकलां पुलिस थाने में दी गई। गंभीर रूप से घायल महिला व उसके परिजनों ने युवक पर हत्या प्रयास के गंभीर आरोप लगाए हैं।
रात को घर में लाइट चली गई थी। इसी दौरान उसका पति उससे बोला कि चलों चौथी मंजिल की छत पर चलते हैं, वहां तेरी वीडियो बनाऊंगा तू बहुत अच्छी लग रही है। उसने विडियो बनवाने से एक बार तो इनकार कर दिया था, लेकिन लाइट नहीं थी, इसलिए गर्मी से थोड़ी राहत पाने के लिए पति के साथ वह छत पर चली गई।
उसके पति ने वीडियो बनाने के बहाने उसे दीवार के काफी नजदीक खड़ा कर दिया और फिर मौका देखकर उसे अचानक से धक्का दे दिया। वह पड़ोसी की छत पर जा गिरी और बेहोश हो गई। उसे होश आया तो वह अस्पताल में थी। महक ने बताया कि वह ढाई माह की गर्भवती है। इस हालत में भी उसके पति ने उस पर तरस नहीं आया।
आरोपी ने उसकी व उसके पेट में पल रहे बच्चे की जान लेने की कोशिश की है। वहीं नागरिक अस्पताल के आपात विभाग में तैनात डॉ. राकेश ने बताया कि महक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर हैं, लेकिन काफी ऊंचाई से नीचे गिरने की वजह से उसके पैरों व कुल्हे की हड्डी टूट चुकी है। घायल महिला गर्भवती भी हैं, इसलिए स्त्री रोग विशेषज्ञ की निगरानी में महिला के एक्सरे व अन्य जांच कराई जाएगी।
पार्टी में पति के दोस्त को बुलाने पर थी पत्नी नाराज
महक ने बताया कि पांच जुलाई को उसके पति संदीप का जन्मदिन था। उसने संदीप ने कहा कि हम दोनों मिलकर जन्मदिन मनाएंगे। इस जनमदिन पर पति संदीप का दोस्त रिषभ नहीं आना चाहिए। पत्नी के मना करने के बावजूद भी संदीप ने एक रेस्टोरेंट में जन्मदिन की पार्टी में अपने दोस्त रिषभ को बुला लिया। इसी बात को लेकर पति पत्नी के बीच तकरार बढ़ गई थी।
बुधवार रात साढ़े आठ बजे इसी बात को लेकर फिर से दोनों के बीच बहस हो गई और उसके पति ने उसे थप्पड़ मारा। बाद में लाइट चली गई तो उसका पति उसे बहला फुसलाकर चौथे माले की छत पर ले गया। जहां से उसने वहां उसकी वीडियो सोशल मीडिया के लिए बनाने का बहाना बनाकर नीचे धकेल दिया।
पति व सास के खिलाफ हत्या प्रयास व दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज
जूईकलां पुलिस ने आरोपी पति देवसर निवासी संदीप व सास राजपति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित हत्या प्रयास की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पीड़ित महिला ने उपचाराधीन होने के दौरान पुलिस को दिए बयान में पति व सास पर उसे प्रताड़ित करने व गर्भवती होने के बावजूद उसकी जान लेने की कोशिश किए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके बाद ही पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
महक नामक महिला ने पुलिस को बयान दिए हैं कि उसका पति संदीप रेलवे में नौकरी करता है। पति ने सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने के बहाने से चौथी मंजिल की छत पर ले जाकर नीचे धकेल दिया है। फिलहाल महिला के बयान दर्ज कर आरोपी पति संदीप के खिलाफ हत्या प्रयास का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। - श्रीभगवान यादव, एसएचओ, जूईकलां पुलिस थाना।