हरियाणा के झज्जर जिले के साल्हावास क्षेत्र के खानपुर खुर्द गांव में 18 जून को एक व्यक्ति की हत्या और दूसरे को घायल करने के मामले में गुस्साए ग्रामीणों द्वारा जाम लगा दिया गया था। ग्रामीणों की मांग पर एसडीएम ने दो सप्ताह में आरोपी का गेस्ट हाऊस तुड़वाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया था। इसपर कार्रवाई करते हुए भारी पुलिस बल के साथ प्रशासन और विभागीय अधिकारियों ने गेस्ट हाऊस पर बुलडोजर चलाकर इसे तुड़वा दिया गया। जिला नगर योजनाकार विभाग द्वारा दो बार नोटिस देने के बाद ये कार्रवाई की गई है।
18 जून को रॉयल गेस्ट हाउस संचालक सतीश फौजी और खानपुर खुर्द निवासी संदीप उर्फ ओड़े ने मिलकर खानपुर खुर्द के दो व्यक्तियों को मारपीट कर कुएं में डाल दिया था। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से खानपुर खुर्द निवासी हरि प्रकाश उर्फ बादल ने 20 जून को पीजीआई रोहतक में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था और रमेशचंद्र उर्फ लीला का अभी भी पीजीआई में इलाज चल रहा है।
रमेश चंद्र उर्फ लीला की रीड की हड्डी में ज्यादा चोटें आई हैं और उनका एक हाथ और पैर टूटा हुआ है। हरि प्रकाश उर्फ बादल की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने 18 जून को सुबह 11 बजे से लेकर रात के आठ बजे तक जाम लगाया दिया था। एसडीएम द्वारा 14 दिन में अवैध रॉयल गेस्ट हाऊस को तुड़वाने के लिखित आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला था।
जिला नगर योजनाकार विभाग झज्जर के निर्देश पर इसके लिए तहसीलदार अशोक कुमार की ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। थानाध्यक्ष सत्यपाल ने बताया कि जिला योजनाकर विभाग के निर्देश पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में गेस्ट हाउस तोड़ने की कार्रवाई हुई। भारी सुरक्षा बल भी मौजूद रहा। कार्रवाई के दौरान झाड़ली पुलिस चौकी प्रभारी सत्यवीर, एएसआई मनोज कुमार, डीटीपी जेपी खासा, एटीपी सतीश कुमार, रामेश्वर जेई, विनायक पटवारी आदि मौजूद रहे।
नगदी व मोबाइल छीनने का भी लगा था आरोप
हरि प्रकाश उर्फ बादल हत्याकांड में आरोपी गेस्ट हाऊस संचालक सतीश फौजी व संदीप उर्फ ओड़े पर चंद्र प्रकाश उर्फ लीला ने बीस हजार रुपये और मोबाइल छीनने का भी आरोप लगाया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार लिया था।
मारपीट कर कु एं में डाल दिया था
हरि प्रकाश उर्फ बादल को गेस्ट हाउस में करवाई जा रही अनैतिक गतिविधियां पसंद नहीं थी। उन्होंने सतीश फौजी के होटल पर एक बार रेड डलवाई थी। जिसकी रंजिश में सतीश फौजी ने संदीप उर्फ ओड़े के साथ मिलकर हरि प्रकाश उर्फ बादल और रमेश चंद्र उर्फ लीला को मारपीट कर कुएं में डाल दिया था। जिसके 2 दिन बाद ही हरि प्रकाश की मौत हो गई थी।
अवैध रूप से बनाए रॉयल गेस्ट हाउस को तोड़ने से पहले दो बार नोटिस दिया गया। पहला नोटिस 21 जून को दिया गया, जबकि दूसरा नोटिस 28 जून को दिया गया है। नोटिस का जवाब आने की अवधि समाप्त होने पर रॉयल गेस्ट हाउस को तोड़ा गया है।
-जेपी खाशा, जिला नगर योजनाकार