भिवानी। शहर के नया बाजार लंबी गली निवासी एक युवक ने घर के अंदर फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। मामले की सूचना शहर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और बुधवार दोपहर बाद जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के पिता ने बेटे को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का एक दुकानदार पर आरोप लगाया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में नया बाजार लंबी गली निवासी अतर सिंह ने बताया कि उसका लड़का अजयपाल पिछले आठ-दस सालों से बिजली घर गेड बिचला बाजार स्थित शुभम की दुकान पर काम करता था। उसके बेटे अजयपाल पर दुकानदार शुभम ने चोरी का आरोप लगाकर उसे नौकरी से निकाल दिया था। उसके बेटे के साथ मारपीट की और गाली गलौज किया गया। उसके बेटे की तनख्वाह भी नहीं दी। आरोपी ने उसके बेटे के टिफिन में थैली डालकर वीडियो बनाई और उसे डराया धमकाया गया। अत्तर सिंह ने आरोप लगाया कि उसके बेटे को प्रताड़ित किया गया। उसका आरोप है कि उसके बेटे पर चोरी का इल्जाम लगाकर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया। पुलिस ने शव का बुधवार दोपहर बाद जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया।
नया बाजार लंबी गली निवासी एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने इस संबंध में मृतक के पिता की शिकायत पर आरोपी दुकानदार शुभम के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। -बबीता, उप निरीक्षक, जांच अधिकारी, शहर थाना पुलिस, भिवानी।