हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) नियमित/स्वयंपाठी वार्षिक परीक्षा मार्च 2022 के लिए प्रवेशपत्र सोमवार को जारी कर दिए। बोर्ड की वेबसाइट से प्रवेशपत्र डाउनलोड किए जा सकेंगे। प्रदेशभर में 1547 परीक्षा केंद्रों पर करीब 6,68,589 परीक्षार्थी प्रविष्ट होंगे।
परीक्षाएं 30 मार्च से आरंभ हो रही हैं। परीक्षा का समय दोपहर 12:30 बजे से 3:00 बजे तक रहेगा। परीक्षार्थियों को परीक्षा आरंभ होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। बोर्ड अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह, उपाध्यक्ष वीपी यादव एवं सचिव कृष्ण कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी वार्षिक परीक्षा मार्च-2022 के लिए प्रवेशपत्र वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकेंगे। सभी विद्यालय मुखिया बोर्ड वेबसाइट www.bseh.org.in पर यूजर आईडी व पासवर्ड से लॉगिन करते हुए उनके विद्यालय में अध्ययनरत परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि इसके अतिरिक्त मुक्त विद्यालय (फ्रेश/रि-अपीयर/सीटीपी), कंपार्टमेंट, अंक सुधार, अतिरिक्त विषय एवं स्वयंपाठी पूर्ण विषय परीक्षार्थी भी अपना प्रवेशपत्र बोर्ड वेबसाइट पर दी गई लिंक से पिछले अनुक्रमांक/ नाम, पिता का नाम, माता का नाम एवं मुक्त विद्यालय-फ्रेश श्रेणी के परीक्षार्थी अपना रजिस्ट्रेशन नंबर भरते हुए डाउनलोड कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सभी विद्यालय मुखिया विद्यालय की लॉगिन आईडी पर आवश्यक दिशानिर्देशों को पढ़ते हुए उनका पालन करने का प्रमाणपत्र देते हुए प्रवेशपत्र डाउनलोड करेंगे। विद्यालय मुखिया/स्वयंपाठी परीक्षार्थी प्रवेशपत्र का रंगीन प्रिंट आउट ए-4 साइज पेपर पर ही निकालना सुनिश्चित करें। विद्यालयी/स्वयंपाठी परीक्षार्थियों को रंगीन प्रवेशपत्र पर आवेदन पत्र भरते समय स्कैन किया गया फोटो चिपकाकर सत्यापित करवाना होगा। इसके बिना परीक्षा केंद्र पर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बोर्ड उपाध्यक्ष ने बताया कि परीक्षार्थी प्रवेशपत्र का रंगीन प्रिंट लेने उपरांत अपने विवरण भली भांति जांच लें। यदि विवरणों में कोई त्रुटि है तो तुरंत बोर्ड कार्यालय में संपर्क करते हुए 24 मार्च तक प्रति शुद्धि शुल्क 300 रुपये के साथ संशोधन करवाना सुनिश्चित करें। परीक्षा आरंभ होने उपरांत फोटो, हस्ताक्षर व किसी अन्य विवरण में त्रुटि बारे किसी प्रतिवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने ने बताया कि यदि किसी विद्यालय/स्वयंपाठी परीक्षार्थी के अनुक्रमांक किसी कारणवश रोके गये हैं, वे किसी भी कार्य दिवस में बोर्ड कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से आकर परीक्षा की पात्रता से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध करवाते हुए प्रवेशपत्र जारी करवा सकते हैं। सभी नियमित परीक्षार्थी विद्यालय वर्दी में विद्यालय आईडी कार्ड / मूल आधार कार्ड एवं स्वयंपाठी परीक्षार्थी मूल आधार कार्ड सहित परीक्षा केंद्र पर आएंगे। परीक्षा केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसे मोबाइल, कैलकुलेटर आदि का प्रयोग वर्जित होगा।