भिवानी। पूर्व जिला पार्षद मनोज यादव के भांजे को गांव दिनोद में बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी। इस घटना में मनोज यादव का भांजा नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एक गोली सीने पर हृदय के समीप लगने की पुष्टि हुई है। उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नरेंद्र को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
वहीं, इस मामले की जानकारी मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सदर थाना पुलिस ने इस मामले में घायल के बयान पर चरखी दादरी के हिण्डोल निवासी भगत सिंह को नामजद करके चार-पांच अन्य युवकों पर हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले में अपनी आगामी कार्रवाई में जुटी है।
मूल रूप से महेंद्रगढ़ के सुरजनवास निवासी नरेंद्र ने बताया कि वह मंगलवार सुबह 10 बजे शारीरिक अभ्यास करके गांव में ही स्थित अनूप की दुकान पर बैठा था। उसी दौरान तीन-चार बाइकों पर गांव दिनोद निवासी प्रदुमन, मंजीत, सतबीर, विकास, हिण्डोल निवासी भगत सिंह और चार-पांच अन्य युवक आए और उसके ऊपर जान लेने की नीयत से फायर कर दिए। इस दौरान उसे एक गोली सीने में हृदय के समीप लगी। गोली लगने के बाद वह अपनी जान बचाने के लिए भागने लगा। उस दौरान बाइक सवारों ने उसके पीछे से भी पांच से छह गोलियां चलाईं। घायल ने बताया कि उसने ललित के घर में घुसकर अपनी जान बचाई। इसके अलावा घायल ने बताया कि उक्त बाइक सवारों ने पुरानी रंजिश के कारण उसके ऊपर फायर किए हैं। उनमें से तीन-चार युवक दिनोद गांव के ही हैं। जबकि तीन-चार युवकों को नहीं जानता।
-
पूर्व जिला पार्षद ने जान को बताया खतरा
पूर्व जिला पार्षद मनोज यादव ने कहा कि गांव में कुछ शरारती तत्व सक्रिय हैं। इस घटना से करीब दस दिन पहले भी इन युवकों ने एक युवक से बीच रास्ते में रोककर मारपीट की थी। वह युवक भी रोहतक अस्पताल में मौत और जिंदगी की जंग लड़ रहा है। इसके अलावा करीब दो माह पहले, उन्हें मारने की नीयत से निकले दो युवकों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। इस मामले में उन्होंने पुलिस को अपनी जान को खतरा बताया था और अन्य युवकों के नाम बताए थे। लेकिन इस मामले में पुलिस ने एक-दो बार रेड मारकर अन्य युवकों को गिरफ्तार नहीं किया। इस कारण उन्हें आज भी जान का खतरा बना रहता है।
-
करीब एक साल से नरेंद्र के साथ है रंजिश
पूर्व जिला पार्षद मनोज यादव ने बताया कि नरेंद्र मूल रूप से जिला महेंद्रगढ़ के कनीना तहसील में सुरजनवास का रहने वाला है और रिश्ते में उसका भांजा लगता है। नरेंद्र जेवलिन थ्रो का खिलाड़ी रह चुका और जिम ट्रेनर का काम करता है। करीब एक साल पहले नरेंद्र और उसके ऊपर फायर करने वाले बाइक सवारों के साथ मारपीट हुई थी। इसी कारण दोनों के बीच रंजिश चल रही है।
दो माह पहले पांच पिस्तौल व 170 कारतूस किए थे बरामद
करीब दो माह पहले लोहारू डिटेक्टिव स्टाफ ने मुठभेड़ में देवसर-दिनोद मार्ग से दिनोद निवासी अजय और मंजीत को गिरफ्तार किया था। इस मुठभेड़ में अजय को पैर में एक गोली लगी थी। जबकि मंजीत घायल हुआ था। उनके पास से पुलिस को पांच पिस्तौल और करीब 170 कारतूस बरामद हुए थे। पूछताछ में सामने आया था कि वे पूर्व जिला पार्षद को मारने की नीयत से जा रहे थे। लेकिन इस बारे में सूचना मिलने पर डिटेक्टिव स्टाफ ने दोनों युवकों को दबोच लिया था। उक्त समय कयास लगाए जा रहे थे कि कासनी गैंग का वर्चस्व जमाने के लिए दोनों युवक वारदात को अंजाम देना चाहते थे।
फायर की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। प्राथमिक जांच में रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम देना पाया गया है। इस मामले घायल के बयान पर आरोपियों पर हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट व अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- निरीक्षक कुलदीप, प्रभारी, सदर पुलिस थाना, भिवानी।