भिवानी। अब भिवानी, जूई, ढिगावा और लोहारू शहर में चार नए बाईपास की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) को मंजूरी मिल गई है। इसके बाद कंसल्टेंट एजेंसी ने नौ माह के अंदर प्रत्येक बाईपास साइट की तीन-तीन अलाइनमेंट तैयार कर रिपोर्ट केंद्रीय मंत्रालय को सौंपनी होगी। इसके बाद ही इस महत्वाकांक्षी बाईपास योजनाओं पर करोड़ों का बजट मंजूर किया जाएगा।
भिवानी शहर का बाईपास एनएच भिवानी तो जूई, ढिगावा और लोहारू का बनने वाला नए बाईपास एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) रोहतक के दायरे में आएगा। भिवानी शहर सहित जिले में चार नए बाईपास के निर्माण से वाहनों के जाम से मुक्ति मिलेगी। वहीं नए बाईपास आबादी भरे इलाके से काफी दूर होकर गुजरेगा। वाहनों को गंतव्य तक पहुंचने में भी कम समय लगेगा।
भिवानी शहर सहित कस्बाई इलाकों में चार नए बाईपास बनने हैं। इनकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट को मंजूरी दी गई है। इसी के साथ अब इस मसौदे पर लैंड एक्यूशन सहित सर्वेक्षण का काम के लिए कंसल्टेंट एजेंसी को भी काम सौंपा गया है। ये कंपनी नौ माह के अंदर ही अपनी रिपोर्ट केंद्रीय मंत्रालय को सौंपेगी। इसके बाद ही इस मसौदे का प्रारुप तैयार होगा और इस पर केंद्र द्वारा भूमि अधिग्रहण से लेकर बाईपास निर्माण के कंस्ट्रक्शन में खर्च होने वाला बजट भी अलग-अलग निर्धारित किया जाएगा।
कंपनी को जून 2024 तक अपनी सर्वेक्षण रिपोर्ट तैयार करनी है। कंसल्टेंट एजेंसी प्रत्येक बाईपास की मैपिंग कर तीन अलग-अलग रिपोर्ट तैयार करेगी। इसमें भूमि के अधिग्रहण पर होने वाले खर्च से लेकर बाईपास के प्रारुप को आसानी से पूरा किए जाने का खाका भी शामिल होगा। इसमें से बाईपास के एक प्रारुप को केंद्र द्वारा अपनी मंजूरी की मुहर लगाई जाएगी। संवाद
-
यहां से होकर गुजरेंगे नए बाईपास
भिवानी का नया बाईपास तिगड़ाना मोड़ से लोहारू रोड पर गांव देवसर के पास मिलेगा। इसकी लंबाई करीब 12 किलोमीटर तक होगी। इसी तरह गांव लोहानी और जूई के बीच भी नया बाईपास बनेगा। ये बाईपास करीब 10 से 11 किलोमीटर लंबा होगा। जो कस्बा जूई के भीड़ भरे बाजार के बाहर खेतों से होकर गुजरेगा। इसी तरह ढिगावा मंडी में भी नया बाईपास बनेगा। ये बाईपास भी करीब 10 किलोमीटर से अधिक लंबा होगा जो कस्बा ढिगावा के भीड़ भरे बाजार के जाम से वाहनों को मुक्ति दिलाएगा। नया बाईपास खेतों के रास्ते से निकलेगा। जो सिंघानी के पास खत्म होगा। इसी तरह कस्बा लोहारू में नया बाईपास बनेगा जो राजस्थान की सीमांत इलाके के हाईवे से सीधा जुड़ जाएगा। इसकी लंबाई भी पांच से सात किलोमीटर होगी। इससे लोहारू के भीड़ भरे इलाकों में वाहनों के जाम से मुक्ति की मिलेगी। इन चारों बाईपास पर कंपनी नौ माह के अंदर अपनी सर्वेक्षण रिपोर्ट तैयार कर बाईपास का खाका बनाएगी।
-
भिवानी जिले में चार नए बाईपास की डीपीआर को मंजूरी मिल चुकी है। इसके बाद कंपनी ने सर्वेक्षण का काम शुरू किया है। भिवानी, जूई, ढिगावा और लोहारू शहर में नए बाईपास बनने के बाद जिले के विकास को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। वहीं जाम की समस्या से काफी हद तक छुटकारा मिल जाएगा। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय की ओर से कई महत्वाकांक्षी सड़क और बाईपास की परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। सर्वे रिपोर्ट तैयार होने के बाद जल्द ही बाईपास निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण का काम भी शुरू किया जाएगा।
- चौधरी धर्मबीर सिंह, सांसद, भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र।