भिवानी। गांव नीमड़ीवाली के एक बंद मकान में बुधवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे एक युवक ने आग लगा दी। आग की लपटें उठती देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। मामले की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। दमकल कर्मचारियों ने ग्रामीणों से मिलकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मकान मालिक के अनुसार आग से उसका पुराना मकान और करीब डेढ़ लाख का सामान भी नष्ट हो गया। मकान मालिक ने घर में आग लगाने का शक पड़ोसी युवक पर जताया है।
गांव नीमड़ीवाली निवासी मनबीर ने बताया कि उसका गांव में पुराना मकान है। मकान के मेनगेट के दोनों तरफ दुकानें बनाई हुई है। जिसमें एक साइड किराना व दूसरी तरफ ब्यूटी पार्लर है। उसका मकान बंद रहता है। जबकि पूरा परिवार नए मकान में रहता है। बुधवार देर रात को पड़ोस के ही राहुल नामक युवक को उसके घर के बाहर शराब पीते हुए देखा गया था। घर के गेट पर ही सूखी लकड़ियां भी पड़ी थी। उनमें जानबूझकर राहुल ने आग लगा दी। इसके बाद उसके घर में भी आग की लपटें पहुंच गई और देखते ही देखते सारा सामान नष्ट हो गया।
ब्यूटी पार्लर में हजारों का नुकसान
ब्यूटी पार्लर की संचालिका पूनम ने बताया कि मनबीर के मकान में उसकी दुकान है। रात को आग लगने की घटना से उसकी दुकान में रखा चूड़ी, कॉस्मेटिक व अन्य सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में उसका करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हो गया। किराना दुकान संचालक नितिन ने बताया कि उसका भी आग की घटना से 15 हजार रुपये का नुकसान हो गया।
वर्जन
घर के अंदर आग लगाने के मामले की शिकायत पुलिस को मिली थी। जिस पर पुलिस ने आरोपी युवक राहुल के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से छानबीन में जुटी है। जल्द ही आरोपी युवक को भी काबू कर लिया जाएगा।
-जयसिंह, एसएचओ, सदर पुलिस थाना भिवानी।