हरियाणा में जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला को राज्य हैंडबाल एसोसिएशन के निर्विरोध प्रधान चुना गया। शनिवार को भिवानी में पंचायत भवन में हैंडबाल फेडरेशन ऑफ इंडिया के ऑब्जर्वर डॉ. गुरुशरण गिल, हरियाणा हैंडबाल प्रशासक डीआरओ राजकुमार एवं आरओ तहसीलदार रविंद्र मलिक की देखरेख में चुनाव करवाएं गए।
सभी ने एकमत होते हुए दिग्विजय को निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया। वहीं राममेहर छिकारा को उपप्रधान, संदीप को महासचिव, सुरेंद्र को संयुक्त सचिव, सुरेश अहलावत को खजांची, प्रविंद्र सिंह, मोहन सिंह, दिनेश कुमार, विनोद कुमार, सुखबीर सिंह आदि को एग्जीक्यूटिव सदस्य मनोनीत किया गया।
दिग्विजय ने कहा कि पिछले काफी वर्षों के बाद चुनाव की बहाली हुई है, जिसमें सभी सदस्यों ने मिलकर हरियाणा हैंडबॉल खिलाड़ियों एवं देश को विश्व पटल पर विख्यात करने के लिए एक सुर में आगे बढ़ने का फैसला लिया है, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि विदेशों की तर्ज पर हैंडबॉल खिलाड़ियों को देश में भी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। जल्द ही राष्ट्रीय स्तर पर पहली बार हैंडबॉल प्रतियोगिता की जाएगी।
जिला चुनाव अधिकारी तहसीलदार रविंद्र मलिक ने हरियाणा राज्य हैंडबॉल एसोसिएशन के सभी सदस्यों के समक्ष प्रस्ताव रखा, जिसमें सर्वसम्मति से दिग्विजय चौटाला को हरियाणा राज्य हैंडबॉल एसोसिएशन अध्यक्ष मनोनीत किया गया
कांग्रेस के और बुरे दिन आना अभी बाकी : दिग्विजय
जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला ने प्रेसवार्ता के दौरान पांच राज्यों में हुए चुनावी परिणाम के बारे में कहा कि चार राज्यों में भाजपा की फिर से वासी हुई है। वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी ने अपनी सरकार बनाई है। कांग्रेस का जहाज पूर्ण रूप से डूब गया हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के और बुरे दिन आना अभी बाकी हैं।
दिग्विजय ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस का कोई भविष्य नहीं है। वहीं पड़ोसी जिला के पूर्व मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए दिग्विजय ने कहा कि पंजाब का हाल देखकर नई पार्टी का सपना संजोने वाले अब घर बैठने का काम करेंगे। वहीं भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा से डॉ. अजय सिंह चौटाला के चुनाव लड़ने के सवाल पर दिग्विजय ने कहा कि यह फैसला पार्टी का है, लेकिन उनका स्वयं का अगर मत जानना चाहे तो वे खुद चाहते हैं कि डॉ. अजय सिंह चौटाला भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा से चुनाव लड़ें।
वहीं भिवानी के विकास के बारे के मुद्दे पर बोलते हुए दिग्विजय ने कहा कि उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने भिवानी वासियों से यह वादा किया है कि भिवानी को उद्योग के मामले में कोई न कोई सौगात अवश्य मिलेगी।