भिवानी रेलवे जंक्शन के समीप रेलवे ट्रक पर ब्रजवासी कॉलोनी निवासी एक युवक का संदिग्ध हालत में शव मिला। राजकीय रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतक के पास ही पुलिस को उसके दोस्त का मोबाइल फोन भी मिला है। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। शहर की ब्रजवासी कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय ऋषि हलवाई और कैटरिंग का काम करता था। वह अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ विवाह शादियों में कैटरिंग के साथ वेटर का काम भी करता था।
ऋषि के जीजा मदनहेड़ी निवासी सोनू व उसके छोटे भाई अजय ने बताया कि मंगलवार सुबह ही ऋषि घर से अपने दोस्तों के पास जाने के लिए निकला था, क्योंकि वे चारों ही एक साथ काम करते थे। ऋषि के पास खुद का कोई भी मोबाइल फोन नहीं था।
उन्हें सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर ऋषि का शव पुलिस को बरामद हुआ है। सोनू ने बताया कि ऋषि के शव के थोड़ी दूर ही उसके दोस्त शंकर उर्फ पांडे का मोबाइल फोन पड़ा हुआ था। इससे भी ऋषि की हत्या का शक परिजनों में गहरा गया है।
पुलिस ने उसी फोन से शंकर के भाई से बात की थी और इस हादसे की जानकारी दी थी। शंकर के भाई ने उसके भाई के सही सलामत होने की बात कही तो फिर शनाख्त के लिए शंकर के परिजन ही वहां पहुंचे थे। जिसके बाद मृतक की पहचान ब्रजवासी कॉलोनी निवासी ऋषि के रूप में हुई।
बाद में ऋषि के परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो वे अस्पताल पहुंचे। मृतक के परिजनों का आरोप है कि उन्हें आशंका है कि उसी के दोस्तों ने ऋषि की हत्या की है, जबकि उसका चेहरा भी पहचान में नहीं आ रहा है। जीजा सोनू ने बताया कि ऋषि चार भाई बहन थे।
उसका छोटा भाई अजय और दो बहनें हैं। जीजा सोनू ने बताया कि ऋषि के साथ उसके तीन दोस्त शंकर उर्फ पांडे, पंकज और सोनू काम करते थे। हादसे की जानकारी मिलने के बाद राजकीय रेलवे पुलिस थाना हिसार के एसएचओ नरेश कुमार भी भिवानी नागरिक अस्पताल पहुंचे। जिसके बाद मृतक का चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सच्चाई सामने आएगी
हमें मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव का चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों ने हत्या का शक जताया है, फिलहाल कोई बयान दर्ज नहीं कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जो भी सच्चाई सामने आएगी, उसी आधार पर इसमें कार्रवाई की जाएगी। - सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार, राजकीय रेलवे पुलिस चौकी भिवानी।