डाडम पहाड़ में हुए हादसे के घटनास्थल पर चौथे दिन 80 घंटे बाद राहत एवं बचाव अभियान पूरा हो गया। अभियान पूरा होने के बाद एनडीआरएफ द्वारा आखिर में डॉग परेड कराई गई। खोजी कुत्तों ने पूरे हादसा स्थल को सूंघ कर जांचा। मलबे में दबी एक गाड़ी व एक मशीन को भी रेस्क्यू के दौरान मंगलवार को निकाल लिया है। मंगलवार सुबह उपायुक्त आरएस ढिल्लो व एसपी अजीत सिंह शेखावत ने भी पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया।
खनन मामले में विपक्ष द्वारा लगातार सरकार को घेरने का प्रयास किया जा रहा है। लगभग सभी विपक्षी दलों के नेताओं के दौरा करने के बाद बुधवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा डाडम पहुंचेंगे। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री रोहतक में पत्रकारवार्ता कर डाडम में हजारों करोड़ का घोटाला होने और सत्तासीन लोगों पर उसमें शामिल होने के आरोप लगा चुके हैं।
एसपी अजीत सिंह शेखावत ने सिवानी के डीएसपी मनोज कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है। यह एसआईटी हादसे में मारे गए लोगों के परिवार के सदस्यों, घायलों और वहां काम करने वाले मजदूरों से भी पूछताछ करेगी। कमेटी में डीएसपी मनोज के अलावा एक सब इंस्पेक्टर और एक एएसआई शामिल हैं।
रेस्क्यू अभियान पूरा हो गया है। इस मामले में फर्म और उसके ठेकेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी फैक्ट जांचे जा रहे हैं। सिवानी डीएसपी मनोज के नेतृत्व में एसआईटी जांच कर रही है। जांच में जो भी सामने आएगा उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। - अजीत सिंह शेखावत, एसपी।