भिवानी-रोहतक मुख्य मार्ग पर एमसी कॉलोनी मोड़ के समीप सोमवार शाम करीब साढ़े 6 बजे साइकिल चालक एक प्रवासी मजदूर को तेज रफ्तार गाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रवासी मजदूर को पहले नागरिक अस्पताल और फिर रोहतक पीजीआई ले जाया गया। जहां मंगलवार को उपचार के दौरान घायल मजदूर ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
औद्योगिक पुलिस थाना में दी शिकायत में मध्यप्रदेश के टिकमगढ़ जिला के चंदेरी गांव वासी संतोष ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी का काम करता है। वे दो भाई और दो बहन हैं। सबसे बड़ी बहन कुसुम, फिर भाई राजेश व तीसरे नंबर पर वह खुद है। सबसे छोटी बहन रेखा है। उसकी बहन कुसुम की शादी करीब 16 साल पहले किस्सुपाल वासी टिकमगढ़ मध्यप्रदेश के गांव गुडा से की थी। वह परिवार सहित मेहनत मजदूरी के लिए भिवानी आए हुए हैं। सोमवार शाम करीब साढ़े 6 बजे उसका जीजा 35 वर्षीय किस्सुपाल अपनी साइकिल से सब्जी मंडी में सब्जी लेने के लिए गया था। कुछ देर बाद उन्हें सूचना मिली कि किस्सुपाल का एक्सीडेंट हो गया है। जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल ले पहुंचाया गया। जब वे अस्पताल पहुंचे, इससे पहले ही उसके जीजा को चिकित्सकों ने रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया था। पीजीआई में उसके किस्सुपाल ने उपचार के दौरान मंगलवार सुबह दम तोड़ दिया।
वर्जन
सड़क हादसे में मृतक किस्सुपाल के शव का रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम कराया और संतोष के बयान दर्ज कर इस संबंध में अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है।
- रणबीर सिंह, इंचार्ज, औद्योगिक पुलिस थाना