बाढड़ा। गांव अटेला के मुख्य बस स्टैंड पर खड़े मोटर साइकिल में रखे सामान की जांच के दौरान नशीली व गर्भपात के दौरान प्रयोग की जाने वाली आपत्तिजनक दवाएं बरामद की हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दवाओं के साथ पकड़े एक युवक को भी हिरासत में लिया है। युवक के खिलाफ एनडीपीएस व अवैध गर्भपात अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
स्वास्थ्य विभाग को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि बाढड़ा क्षेत्र में नशीली प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री जोरों पर है। क्षेत्र के युवा नशीली दवाओं, गोलियों के अलावा इंजेक्शन का प्रयोग कर रहे हैं जिनकी सप्लाई दादरी क्षेत्र के एक व्यक्ति द्वारा बिना परमिट के की जा रही है। चरखी दादरी के एसएमओ डॉ. उमेद सिंह और जिला दवा नियंत्रक डॉ. संदीप हुड्डा की अगुवाई में गठित स्वास्थ्य विभाग के दस्ते ने गुप्त सूचना के आधार पर एक युवक का पीछा किया। टीम में शामिल अधिकारियों ने दोपहर बाद उक्त युवक को अपनी मोटरसाइकिल के साथ गांव अटेला के मुख्य बस स्टैंड के समीप दवा के साथ रंगे हाथों पकड़ा। जांच टीम ने उच्चाधिकारियों से संपर्क कर सारी घटना से अवगत कराया और मौके पर ही पुलिस टीम को बुला कर उसे सुपुर्द करते हुए उसके खिलाफ एनडीपीएस, एमटीपी सहित भादस की आधा दर्जन धाराओं के तहत मामला दर्ज करवाया।
आठ सौ गोलियां मिली
टीम ने दादरी निवासी विनोद नामक आरोपी युवक की जांच की तो उससे दस एमटीपी किट, 300 पेटाजोलम, 500 एलप्रोजोलम नामक प्रतिबंधित दवाएं मिली। माना जा रहा है दादरी निवासी उक्त आरोपी का इस क्षेत्र में बड़े स्तर पर नेटवर्क है। पुलिस जांच में इस सारे गोरखधंधे का खुलासा होने की संभावना है।