फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भिवानी में वारदात: बाल सेवा आश्रम के सुपरिंटेंडेंट की हत्या, बलिया के रहने वाले थे

Tue, 26 Apr 2022 02:03 PM IST
निवेदिता वर्मा संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी (हरियाणा)

सार

रात के समय हत्या का अंदेशा है। आश्रम प्रबंधकों को  सुबह भनक लगी। एसपी और डीएसपी ने वारदात स्थल का निरीक्षण किया।
विज्ञापन
भिवानी में हत्या के बाद जांच करते पुलिसकर्मी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के भिवानी में तोशाम रोड रेलवे स्टेशन के समीप बाल सेवा आश्रम में सोमवार रात को लोहे के पाइप से वार कर आश्रम के सुपरिंटेंडेंट की हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह प्रबंधन के अधिकारियों को इस घटना के बारे में भनक लगी। वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर शहर थाना पुलिस की टीम के अलावा सीआईए और फोरेंसिक एक्सपर्ट एवं डॉग स्क्वॉड की टीम भी पहुंची। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह और डीएसपी (हेडक्वार्टर) वीरेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी जुटाई। 

विज्ञापन


मूलरूप से यूपी के बलिया जिला निवासी 65 वर्षीय मनमोहन गिरि भिवानी के बाल सेवा आश्रम में पिछले सात साल से सुपरिंटेंडेंट के पद पर कार्यरत थे। आश्रम में बच्चे भी उन्हीं की निगरानी में यहां रहते थे और वे खुद भी यहां क्वार्टर नंबर दस में रहते थे। दो माह पहले ही उनकी पत्नी अपने बेटे के पास हैदराबाद चली गई थीं।

उनका बेटा वशिष्ठ गिरि हैदराबाद में आयकर विभाग में निरीक्षक है। उनकी बेटी भी शादीशुदा है। बाल सेवा आश्रम के प्रधान डॉ. रामफल आर्य एडवोकेट ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10.15 बजे लेटर हेड लेने के लिए यहां आए थे। इस दौरान स्टाफ सदस्यों से मनमोहन गिरि के बारे में पूछा था। स्टाफ ने बताया था कि मनमोहन गिरि अभी तक अपने क्वार्टर से नहीं आए हैं। 
विज्ञापन


आश्रम का ही एक लड़का गोलू उन्हें बुलाने क्वार्टर गया और थोड़ी देर बाद ही रोते हुए लौटा, जिसके बाद प्रबंधन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे, तो मनमोहन गिरि चारपाई पर ही खून से लथपथ पड़े थे। उनके सिर और चेहरे पर पाइप से चोट के निशान थे। आश्रम के अध्यक्ष ने बताया कि यहां 20 लड़की और 11 लड़के रह रहे हैं। 28 लोगों का यहां पर स्टाफ भी तैनात है। 

क्वार्टर के पिछले हिस्से में मिला खून से सना लोहे का पाइप
एसपी अजीत सिंह और डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सीआईए की टीम को क्वार्टर के पिछले हिस्से में खून से सना लोहे का पाइप मिला है, जिसका एक सिरा नुकीला यानी एलबो लगा हुआ था। इसी पाइप से मनमोहन गिरि की बेरहमी से हत्या की गई थी। ये पाइप भी हत्यारे ने उसी के क्वार्टर के अंदर रखे बेकार पाइपों में से उठाकर हत्या के लिए हथियार बनाया था, जिसे पुलिस ने बरामद किया है। 

काफी दूर तक सूंघी पुलिस के कुत्ते ने हत्यारे की गंध
डॉग स्क्वॉड टीम में शामिल कुत्ते ने काफी दूर तक हत्यारे की गंध सूंघी। कुत्ता क्वार्टर के आसपास भी काफी देर तक चक्कर लगाता रहा। मनमोहन गिरि के क्वार्टर के पास ही लड़कों का वार्ड भी बना हुआ था। जबकि उनके साथ में लड़कियों के रहने का अलग से वार्ड बना हुआ था। इन दोनों ही वार्डों के बाहर सीसीटीवी कैमरे भी लगे थे, लेकिन मनमोहन गिरि के क्वार्टर की तरफ किसी भी कैमरे की लोकेशन नहीं थी। 

हत्यारे ने आश्रम की सुरक्षा में भी सेंधमारी की
सुपरिंटेंडेंट की हत्या से आश्रम की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। हत्यारे ने आश्रम की सुरक्षा में भी सेंधमारी कर दी, जहां सुपरिंटेंडेंट की हत्या हुई वह इलाका आश्रम के बीचोंबीच था, जबकि बाहरी दीवारों पर भी कटीले तार व ऊंची दीवारें बनी हुई थी। बाहर से कोई आता और हत्या कर चला जाता, यह प्रारंभिक दृष्टि से संभव नहीं है। इसी को लेकर पुलिस की हत्या की सुई आश्रम में रहने वालों पर ही घूम रही है। 
 

बाल सेवा आश्रम के सुपरिंटेंडेंट मनमोहन गिरि की सिर में वार कर हत्या की गई है। हम यहां के सीसीटीवी चेक कर रहे हैं। काफी सीसीटीवी खराब भी हैं। हर पहलु से मामले की जांच की जा रही है। प्रयास है कि जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया जाए। -अजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक भिवानी।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें