गांव मनसरवास में जेबीटी की हत्या के मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शराब पीने के दौरान पैसे के हिसाब को लेकर गाली-गलौच पर मनसरवास निवासी आरोपी सतपाल ने अध्यापक बिजेंद्र को मुक्का मारकर बेहोश कर दिया।
इसके बाद में गर्दन पर तौलिये की गांठ मारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी सतपाल ने पुलिस के सामने यह कबूल किया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को गांव मनसरवास के एक खाली प्लाट में अध्यापक बिजेंद्र का शव बरामद हुआ था। शव की गर्दन पर तौलिए से गांठ बधी हुई थी। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में हत्या का ही अंदेशा जताया था। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।
पुलिस ने शुक्रवार को हत्यारोपी सतपाल को काबू कर शनिवार को न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लाया गया। रिमांड के दौरान आरोपी सतपाल ने पूछताछ में बताया है कि सात-आठ महीने पहले मास्टर बिजेंद्र का मकान बनाया था और उसके कुछ पैसे बिजेंद्र पर थे।
आरोपी ने बताया कि गत मंगलवार को गांव के एक खाली प्लाट में हम दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इस दौरान उसने अध्यापक से पुराने हिसाब के पैसे मांगे तो उसने गाली-गलौच की।
इस पर उसने गुस्से में मुक्का मारा तो बिजेंद्र गिर गया। इसके बाद उसने तौलिये से गर्दन पर गांठ मार दी और बिजेंद्र की मौत हो गई। इस संबंध में थाना प्रभारी देशराज जांगड़ा ने बताया कि आरोपी सतपाल को न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लाया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ चल रही है।
हत्या के दो घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचा आरोपी
पुलिस के मुताबिक सतपाल घर जाकर सो गया और करीब दो घंटे बाद फिर मौके पर पहुंचकर सरपंच व मृतक के भाई को फोन मिलाकर कहा कि बिजेंद्र की हालत कुछ ठीक नहीं लग रही। उल्टे मुंह जमीन पर पड़ा हुआ है, आकर संभालो। थाना प्रभारी देशराज जांगड़ा ने बताया कि आरोपी ने अपने जुर्म को छिपाने के लिए यह चाल चली ताकि किसी को उस पर संदेह न हो।