भिवानी के गांव दिनोद से शादी में कन्यादान देने गए बाइक सवार युवक का शव खेतों के नजदीक मिलने का मामला सामने आया है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचे। जहां परिजनों के बयान दर्ज कर सदर थाना पुलिस जांच में जुटी है।
गांव दिनोद निवासी सतपाल ने बताया कि उसका बेटा 27 वर्षीय सुनील बुधवार रात करीब सात बजे घर से शादी में कन्यादान देने का नाम लेकर गया था। लेकिन वह रातभर वापस घर नहीं लौटा। परिजनों को गांव के ही लोगों ने सूचना दी कि सुनील का शव दिनोद से देवसर मार्ग पर खेतों में पड़ा है। उसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे, जहां सुनील की बाइक सड़क के किनारे और उसका शव खेतों में पड़ा मिला। वहीं, मामले की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआइना किया। वहीं, सदर थाना पुलिस से जांच अधिकारी एसआई विरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक सुनील के पिता सतपात की शिकायत पर इस संबंध में फिलहाल इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।