मुख्यमंत्री उडऩदस्ते ने बीती देर रात यूरिया खाद की कालाबाजारी करने वाले व्यक्ति को गुप्त सूचना के आधार पर रंगे हाथों यूरिया के कट्टों के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गुप्तचर विभाग को सूचना मिली थी कि हरियाणा के भिवानी जिले के ईशरवाल गांव में कमाली ब्रदर्स नाम की फर्म यूरिया के बैग ब्लैक में बेच रही है।
मार्केट में जो बैग 268 रूपये में उपलब्ध है, उन बैगों की ऐवज में 330 रूपये वसूले जा रहे हैं। जिसके बाद मुख्यमंत्री उडऩदस्ते ने कृषि विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर कार्रवाई की। जिसमें यूरिया के कट्टों में दलाली करने वाले संजय नाम के बिचौलिये को पकडऩे में सफलता हासिल की है।
इस बारे में जानकारी देते हुए सीआईडी इंस्पेक्टर आजाद ढ़ांडा व कृषि उपमंडल अधिकारी डॉ. सत्यवीर शर्मा ने बताया कि कृषि मंत्री व राज्य सरकार के निर्देशों पर किसानों को खाद आसानी से उपलब्ध करवाने के राज्य सरकार के उद्देश्य में कुछ असामाजिक तत्व कालाबाजारी का रास्ता अपना रहे हैं, जिसके बाद दो किसान सुरेंद्र व सुनील को मुख्यमंत्री उडऩदस्ते ने ईशरवाल में पैसे देकर ब्लैक में मिल रहे यूरिया के बैग को खरीदने के लिए भेजा।
यह भी पढ़ें ः बेअदबी मामला: डेरा की चेयरपर्सन विपासना इंसां और पीआर नैन से पूछताछ करने सिरसा पहुंची एसआईटी
जिन्होंने 30 कट्टे 268 की बजाए 330 के भाव में खरीदे। इसी बीच जब कट्टों को गाड़ी में डाला जा रहा था तो मुख्यमंत्री उडऩदस्ते ने रंगे हाथों सामान की बरामदगी की तथा इस मामले की दलाली में संलिप्त संजय नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ कृषि एक्ट-1985 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसके अलावा धारा 420 व ईसी एक्ट-4, 35 के तहत मामला दर्ज किया गया है।अधिकारियों ने बताया कि फर्म का मालिक वहां रखे 410 कट्टों का स्टॉक रजिस्टर के रिकॉर्ड से भी मिलान करवा पाने में असफल रहा।