कभी थे गहरे दोस्त और एक साथ करते थे आपराधिक घटनाएं। लड़की से शादी करने को लेकर दुश्मनी बनी और एक दोस्त जेल से बाहर न आ सके इसके लिए दूसरे दोस्त ने जज को धमकी भरा पत्र लिख डाला। यह सब हुडा जज को धमकी देने के मामले में। पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ लिया और एक दिन के रिमांड पर लिया है।
पिछले दिनों जज को धमकी भरा पत्र मिला था। जिसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने नौ जनवरी को अमरजीत के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पत्र झज्जर जेल में बंद अमरजीत उर्फ भोकल के नाम से था। पुलिस भोकल को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की तो उसने किसी तरह का पत्र भेजने से इंकार किया। पुलिस ने इस मामले में अब सोनीपत के मुरथल तहसील के गांव मेहंदीपुर वासी संदीप को काबू किया है। संदीप ने पूछताछ के दौरान धमकी भरा पत्र कभी दोस्त रहे और अब दुश्मन अमरजीत भोकल को फंसाने के लिए लिखा था। संदीप ने बताया कि वह एक लड़की से शादी करना चाहता है और जब अमरजीत को इसका पता लगा तो उसने जेल से बाहर आने के बाद जान से मारने की धमकी दी। अमरजीत जेल से बाहर ही ना आ सके इसके लिए उसने जज को धमकी भरा पत्र लिखने का प्लान बनाया ताकि जज उससे चिढ़ जाए और कड़ी सजा सुनाए। मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी संजय बिश्नोई ने बताया कि आरोपी संदीप को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।