भिवानी के बहल में बस स्टैंड (मेन बाजार) से सामान लेने आए एक युवक की महज तीन मिनट में बाइक उड़ा ली। पुलिस ने बाइक चोर की पहचान के लिए सीसीटीवी की फुटेज खंगाली, पर पहचान नहीं हो पाई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस दुकानदारों से चोर की पहचान में जुटी थी।
शुक्रवार को कस्बे की एक निजी संस्था में वेल्डिंग का काम करने वाला मुकेश बस स्टैंड पर कुछ सामान लेने आया था। वह दुकान के सामने बाइक खड़ी कर सामान लेने के लिए दुकान पर चला गया। जैसे ही उसने मुड़कर देखा तो एक अज्ञात युवक बाइक में चाबी लगाता दिखा। मुकेश ने जोर से आवाज लगाई तो इतनी देर में चोर बाइक लेकर फुर्र हो गया। आसपास के लोगों ने पीछा किया लेकिन वह कहां गया, कुछ पता नहीं चल पाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। फुटेज में युवक बाइक ले जाता हुआ तो नजर आया पर उसका चेहरा स्पष्ट नहीं दिखाई दिया। बाद में पुलिस ने कुछ और दुकानदारों के कैमरों से फुटेज देखने का प्रयास किया मगर सफलता नहीं मिली।