तोशाम। इंतकाल के बदले आठ हजार रुपये रिश्वत लेते पटवारी को विजिलेंस टीम ने गिरफ्तार किया है। विजिलेंस की टीम ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी भिवानी आशीष कुमार ड्यूटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में खानक से एक व्यक्ति की शिकायत पर पटवारी को गिरफ्तार किया है। इंतकाल के लिए 10 हजार रुपये में डील हुई थी और दो हजार रुपये पटवारी पहले ही ले चुका है।
हिसार जिले के जगाण निवासी विनोद ने विजिलेंस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी खानक के साथ लगते पिंजोखरा में पौने पांच एकड़ जमीन है। जिसका इंतकाल उसने अपने पिताजी से अपने नाम बदलवाना था। विनोद ने बताया कि खानक के पटवारी दीपक ने उसके पास इंतकाल के बदले 10 हजार रुपये की मांग की थी। विनोद ने बताया कि पटवारी ने कहा कि था कि दो हजार रुपये पहले व आठ हजार आठ हजार रुपये बाद में देने पड़ेंगे। पटवारी की रिश्वत मांगने की शिकायत विनोद ने विजिलेंस को दी। विजिलेंस ने पीड़ित की शिकायत पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी भिवानी आशीष कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया व खानक में स्थित पटवार घर पर छापा मारा। विजिलेंस टीम ने वहां से पटवारी को आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। इस बारे में विजिलेंस इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि उनके पास शिकायत आई थी। शिकायत के आधार पर छापा मारकर खानक से पटवारी को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया है।