तोशाम। खरीद के दौरान 5514 क्विंटल सरसों के गबन मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सहकारी विपणन समिति लिमिटेड बवानी खेड़ा के तत्कालीन मैनेजर धर्मेंद्र और खरीदार सुरेंद्र को भिवानी से गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर सुरेंद्र को पांच व धर्मेंद्र को चार दिन के रिमांड पर लिया गया। आरोपियों ने घोटाले में विभिन्न अधिकारियों, कर्मचारियों और पांच-छह अन्य लोगों के संलिप्त होने की बात मानी है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बवानीखेडा अनाज मंडी में स्थित को-आपरेटिव सोसाइटी के गोदाम व एक प्राइवेट गोदाम से करीब तीन हजार क्विंटल सरसों बरामद की गई। समाचार लिखे जाने तक सरसों की तुलाई का कार्य जारी था।
उल्लेखनीय है कि गत 9 अगस्त को जिला प्रबंधक हेफेड भिवानी द्वारा तोशाम थाने में एक शिकायत दी थी। शिकायत में खरीद केंद्र तोशाम मंडी में दी बवानी खेड़ा सहकारी विपणन समिति लिमिटेड के माध्यम से 15 मार्च से 31 मई तक कुल 92 हजार 464.30 क्विंटल सरसों की खरीद की गई थी। खरीदी गई सरसों को हरियाणा वेयर हाउसिंग निगम व केंद्रीय भंडारण निगम के गोदामों मे भंडारण के लिए भेजा जाना था। लेकिन हेफेड की तोशाम मंडी से 5514.07 क्विंटल सरसों जिसकी कीमत दो करोड़ 33 लाख 46 हजार 572 रुपये बनती है, यह सरसों हरियाणा वेयर हाउसिंग निगम या केंद्रीय भंडारण निगम के भंडार गृह में नहीं पहुंची। सरसों खरीद प्रक्रिया में शामिल रहे दी बवानी खेड़ा सहकारी विपणन समिति लिमिटेड के तत्कालीन मैनेजर धर्मेंद्र कुमार व सुरेंद्र सिंह (चपरासी कम चौकीदार) खरीददार की इस खरीद में अहम भूमिका थी। 5514 क्विंटल सरसों की गबन की शिकायत हरियाणा राज्य सहकारी वितरण एवं विपणन प्रसंघ लिमिटेड को दी गई थी। शिकायत में हेफेड के पूर्व जिला प्रबंधक होशियार सिंह ने बताया था कि कर्मचारियों ने मिलीभगत करके विभाग भारी नुकसान पहुंचाया है। मामले में मुख्यालय की शिकायत पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। डीएसपी कुलदीप बैनिवाल ने दोनों को भिवानी से गिरफ्तार कर लिया है।
निशानदेही पर बरामद हुई तीन हजार क्विंटल से ज्यादा सरसों
डीएसपी कुलदीप बैनिवाल के नेतृत्व में पुलिस काबू किए गए आरोपियों की निशानदेही पर बवानी खेड़ा से तीन हजार क्विंटल से ज्यादा सरसों पुलिस बरामद कर चुकी है। जिसकी तुलाई का कार्य चल रहा है। पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लाकर पूछताछ कर रही है। जल्दी ही गबन में शामिल विभिन्न अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों का भी खुलासा होने की संभावना है। मामले में पुलिस को और भी अहम सुराग मिले हैं। वहीं डीएसपी कुलदीप बैनिवाल ने बताया कि एसपी गंगाराम पूनिया के निर्देशानुसार कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को भिवानी से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लाया गया है। रिमांड के दौरान पूछताछ की जा रही है।