भिवानी। कितलाना गांव के हनुमान मंदिर के पास कार की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके पर ही कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने चचेरे भाई की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया।
हादसा रात करीब नौ बजे हुआ। कितलाना वासी करीब 28 वर्षीय रणजीत गोविंदपुरा गांव के पास बनी केमिकल फैक्ट्री में कार्य करता था। वह कार्य निपटाने के बाद अपने घर लौट रहा था। जब वह हनुमान मंदिर के पास पहुंचा तो एक कार ने उसे टक्कर मारी। जिससे वह गंभीर रूप घायल हो गए। हादसे की सूचना पर लोग एकत्रित हुए और परिजनों को सूचना दी। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए इमरजेंसी लाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लिया। मृतक रणजीत फैक्ट्री में मजदूरी करता था और उसके चार बच्चे है। जिसके सिर से हादसे के बाद पिता का साया उठ गया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने चचेरे भाई चंद्र के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया है। मामले में एएसआई आनंद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। कार चालक की तलाश की जा रही है।