अब शहर में चारा बिक्री केंद्रों पर लावारिस पशुओं को खुले में चारा नहीं खिलाया जा सकेगा। इसके लिए नगर परिषद ने शहर के सभी पशु चारा बिक्री केंद्रों को नोटिस जारी कर सख्त हिदायतें दी है कि वे सिर्फ चारे की बिक्री करें, मौके पर किसी भी पशु को चारा नहीं खिलाएंगे न ही खुले में डालेंगे। सोमवार को नगर परिषद की टीम ने शहर के बावड़ी गेट क्षेत्र में सड़क किनारे पशु चारा बिक्री केंद्रों पर खोर लगाकर चारा खिलाते हुए पाए जाने पर सामान जब्त किया।
टीम ने चारा बिक्री केंद्रों का सामान जब्त किए जाने के साथ ही उन्हें सख्त हिदायतें दी कि अगर भविष्य में यहां खुले में पशुओं के लिए चारा डाला तो कार्रवाई होगी। दरअसल हाईवे पर सड़क किनारे खुले में लावारिस पशुओं के लिए चारा डाले जाने से सड़क हादसों का खतरा बना रहता है। सड़कों पर धुंध के दौरान लावारिस पशुओं की वजह से अत्यधिक सड़क हादसे भी होते हैं।
भिवानी नगर परिषद की हद में करीब 80 पशु चारा बिक्री केंद्र शहर के विभिन्न हिस्सों में खुले हुए हैं। अधिकांश पशु चारा बिक्री केंद्र ऐसी जगहों पर हैं जहां अत्यधिक लावारिस पशु सड़क या भीड़ वाली जगहों पर जुट रहे हैं। लावारिस पशुओं के कारण लोग भी चोटिल हो रहे हैं। चारा खाने के दौरान लावारिस पशु भी आपस में झगड़ते हैं, जिससे भी जानमाल की हानि का खतरा बना रहता है। कई बार पशु लड़ते हुए आसपास के दुकानों में भी घुस चुके हैं, जिससे कई दुकानदारों को काफी नुकसान झेलना पड़ा है वहीं लोगों को घायल किए जाने पर कई अपनी जान भी गंवा चुके हैं।
चारा डालने के लिए गोशाला और नंदीशाला में कराई व्यवस्था
नगर परिषद की ओर से किसी भी चारा बिक्री केंद्र पर पशुओं को चारा खिलाने की सख्त मनाही है। ऐसे में शहर की गोशाला और नंदीशाला में ही पशुओं के लिए चारा डाला जा सकता है। गोशाला और नंदीशाला के वाहन भी इन पशु चारा केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। जो यहां से दान किए गए हरे चारे को वहां ले जाकर पशुओं को खिलाते हैं।
चारा खिलाने के नाम पर चल रहा है खेल
हरा चारा बिक्री केंद्रों पर पशुओं को चारा खिलाने के लिए लोग पैसे का भुगतान कर देते हैं, मगर यहां चारे को लेकर खेल चलता है। 50 और 100 रुपये का चारा खरीद पर भी कम चारा ही एक कट्टे में डालकर रख दिया जाता है। जिस चारे को वहीं डलवा लिया जाता है। इसके बाद इसे फिर से भरकर इन कट्टों में रख दिया जाता है। ऐसे में यहां हरा चारा दान करने वालों को भी गुमराह कर उनसे सिर्फ पैसे ऐंठे जा रहे हैं। इस तरह की शिकायतें भी नगर परिषद अधिकारियों के समक्ष की गई हैं।
नगर परिषद की टीम ने बावड़ी गेट क्षेत्र में हरा चारा कटाई और बिक्री करने वाले केंद्रों पर बाहर खोर लगाकर पशुओं को चारा खिलाने पर कार्रवाई की है। मौके से दो खोर नगर परिषद ने जब्त कर ली हैं वहीं हरा चारा कटाई केंद्र संचालकों को केवल हरा चारा अंदर बिक्री की हिदायतें दी हैं अगर दोबारा खुले में पशुओं को हरा चारा खिलाते हुए मिलते हैं तो कार्रवाई होगी। लावारिस पशुओं को चारा खिलाने से सड़क पर हादसे का अंदेशा बना रहता है। लोगों से भी अपील की जा रही है कि वे लावारिस पशुओं को नंदीशाला व गोशाला में चारा खिलाएं।
-भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद भिवानी।