भिवानी। सीआईए प्रथम की टीम ने कैंटर से करीब दो लाख कीमत का मादक पदार्थ बरामद किया है वहीं, पुलिस ने नशे के पदार्थ की तस्करी करते हुए तीन आरोपियों को भी काबू किया। पुलिस ने कैंटर के अंदर से दो किलो 68 ग्राम अफीम बरामद की है। आरोपी मध्यप्रदेश से अफीम लेकर मोहाली जा रहे थे।
भिवानी सीआईए प्रथम के इंचार्ज योगेश कुमार की टीम के एएसआई आनंद की टीम ने तिगड़ाना मोड़ के समीप एक कैंटर को नाकाबंदी कर जांच के लिए रोका। ये कैंटर मध्यप्रदेश में नशीला पदार्थ खरीदकर ला रहा था, जिसे रास्ते में अलग-अलग होटलों पर बेचा जाना था। ये कैंटर मध्यप्रदेश से चलकर भिवानी के रास्ते मोहाली जा रहा था। कैंटर की तलाशी के दौरान कंडक्टर सीट से एक पॉलिथीन बरामद हुई। जिसे खोलकर देखा तो अंदर से दो किलो 68 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने कैंटर चालक व परिचालक सहित एक अन्य के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया। आरोपियों की पहचान कैंटर चालक मुकेश वासी मोया खेड़ा मध्यप्रदेश, करण सिंह सह चालक व तूफान वासी गंगापुर मध्यप्रदेश के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से आरोपी मुकेश व करण सिंह को कारागार भेजने के आदेश दिए। वहीं आरोपी तूफान को पुलिस ने पांच दिन का रिमांड लिया है।