बवानीखेड़ा (भिवानी)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस को 2024 के चुनाव में हार का डर सता रहा है। जिसके चलते कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी मैदान में अभी तक नहीं उतारे हैं। वे रविवार को भिवानी जिले के कस्बा बवानीखेड़ा की अनाज मंडी में आयोजित विजय संकल्प यात्रा रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मंच का संचालन जिला अध्यक्ष मुकेश गौड़ ने किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार व राज्य सरकार ने मिलकर प्रदेश को आगे बढ़ाया है। आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि योजना व उज्ज्वला योजना के साथ ही देश व प्रदेश में सड़कों के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उसके साथ ही बगैर पर्ची व खर्ची के युवाओं को रोजगार मिला है। ऐसे में वे जनता से अपील करते हैं कि 25 मई को 18वीं लोकसभा के चुनाव में जनता कमल के निशान पर मोहर लगाने का काम करें तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए 400 पार के नारे को चरितार्थ करने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सभी 10 सीटों पर भाजपा की जीत होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी 2019 के चुनाव की हार से डरकर अब 2024 में अपने प्रत्याशी खड़े नहीं कर रही है। क्योंकि उन्हें लगता है कि 2024 के चुनाव में फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार बनाएंगे। इस बात का डर कांग्रेस को सता रहा है।
इस मौके पर निवर्तमान सांसद धर्मबीर सिंह व हिसार से भाजपा प्रत्याशी रणजीत सिंह चौटाला ने भाजपा के पक्ष में मतदान करने की बात कही तथा कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों की बदौलत देश में सड़क, रेलवे व विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य हुए हैं। जिसके चलते 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है। धर्मबीर सिंह ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार के विकास कार्यों के चलते हुए कांग्रेस अब एक राष्ट्रीय दल के बजाय क्षेत्रीय दल बनता नजर आ रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पुनिया, विधायक घनश्याम सर्राफ, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य शंकर धूपड़, जिला अध्यक्ष मुकेश गौड़, जिला महामंत्री हर्षवर्धन मान, शिवकुमार पाराशर,जिला परिषद चेयरपर्सन अनिता मलिक, पूर्व विधायक शशी परमार, प्रशांत, विरेंद्र कौशिक, संदीप श्योराण, जिला मीडिया प्रभारी रोहताश चौहान, मीना परमार, बबीता तंवर, कमल फौजी, सुंंदर अत्री, चंदा गुप्ता मौजूद रहे।
भिवानी से हांसी फोरलेन का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा होगा
वित्त मंत्री जयप्रकाश दलाल ने किसानों से संबंधित विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की मंडियों में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों की फसलें बगैर किसी व्यवधान के खरीदी जा रही है तथा एक अप्रैल से गेहूं की खरीद भी शुरू हो जाएगी। इस मौके पर रैली के आयोजक सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री बिशंबर वाल्मीकि ने कहा कि राज्य सरकार ने अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं को पहुंचाया है। उन्होंने भिवानी से हांसी फोरलेन के निर्माण कार्य को इसी वर्ष दिसंबर तक पूरा होने की बात भी कही।