बलवान सिंह को पर्स सौंपते चालक जयपाल कस्वां। संवाद
- फोटो : Bhiwani
बहल (संवाद)। कस्बे में बहल से हिसार रूट पर चलने वाली एक प्राइवेट बस चालक ने एक सवारी को उसके पैसे से भरा पर्स लौटाकर ईमानदारी का परिचय दिया है। चालक की ईमानदारी की कस्बे में हर जगह पर प्रशंसा हो रही है।
बहल क्षेत्र के ढाणी हट्टी निवासी बलवान सिंह बुधवार को हिसार गया था। वापस आते समय वह बहल से हिसार के बीच चलने वाली प्राइवेट बस में सवार था। बस से उतरने के बाद वह चला गया पर उसका पर्स वहीं बस में गिर गया और उसे पता तक नहीं चला। वहीं, दूसरी तरफ बस चालक जयपाल कस्वां बस से सवारियों के उतरने के बाद जब बस की खिड़कियां बंद कर रहा था तो उसकी निगाह बस में पड़े पर्स पर गई। पर्स में चार हजार रुपये नकदी के अलावा आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एक बैंक चेक के अलावा अन्य जरूरी दस्तावेज थे।
चालक जयपाल ने बिना किसी लालच के पर्स के मालिक की आधार कार्ड व अन्य दस्तावेजों के आधार पर पहचान की और उसे संदेश भिजवाया। वीरवार सुबह बलवान बहल आया और बस चालक से मिला तो चालक जयपाल ने उसे पर्स दिया। बलवान सिंह ने कहा कि ऐसी ईमानदारी हर एक में होनी चाहिए। उपस्थित लोगों ने चालक जयपाल की ईमानदारी की खूब प्रशंसा की और उसे इस नेक काम के लिए बधाई दी।