भिवानी। भिवानी-चरखी दादरी मुख्य मार्ग पर कितलाना टोल प्लाजा के समीप बुधवार शाम करीब चार बजे बाइक सवार युवक को ट्रक ने टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। सड़क हादसे की सूचना सदर पुलिस थाना को दी। मृतक की पहचान सैनीपुरा निवासी व्यक्ति के रूप में हुई। जो गांव घुसकानी में अपनी ससुराल आया हुआ था। वापस लौटते समय ये हादसा हो गया।
सदर पुलिस थाना में दिए बयान में गांव सैनीपुरा चरखी दादरी निवासी शंकर ने बताया कि वे तीन भाई बहन हैं। बड़ी बहन कांता और फिर शंकर और सबसे छोटा शंभु था। शंभु गांव घुसकानी में अपनी ससुराल में दो मई को आया हुआ था। चार मई की शाम करीब चार बजे बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। जब वह कितलाना टोल के समीप पहुंचा तो तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में उसके भाई को गंभीर चोटें आईं। जिसे इलाज के लिए चरखी दादरी अस्पताल में ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जब उसने शाम करीब पौने छह बजे शंभु का फोन मिलाया तो फोन निमड़ीवाली निवासी सुमित ने उठाया, जिसने इस हादसे की जानकारी दी। जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। सदर पुलिस थाना एसएचओ पवन कुमार ने बताया कि पुलिस ने सड़क हादसे में मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर इस संबंध मेें ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।