सरकुलर रोड से गुजरता सवारियों से भरा ऑटो। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। शहर में चलने वाले सभी ऑटो और ई-रिक्शा में विद्यार्थियों से 10 रुपये किराया लिया जाएगा। बाकी सवारियों का किराया 20 रुपये ही रहेगा। यह फैसला सोमवार को रेलवे स्टेशन पर आयोजित यूनियन की बैठक में लिया गया है। बैठक में ऑटो रिक्शा यूनियन के सदस्यों की समस्याओं और मांगों पर भी चर्चा की गई थी।
शहर में ऑटो किराये को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा है। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की यूनियन ने किराया 15 रुपये से बढ़ाकर 20 रुपये कर दिया था। इस पर प्रशासन ने भी आदेश जारी किए थे कि किराया 15 रुपये से ज्यादा नहीं लिया जाएगा। आरटीओ ने इसके लिए आदेश भी जारी किए थे कि अगर कोई ज्यादा किराया लेता है तो उसकी शिकायत की जाए। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कई संगठनों ने भी किराया बढ़ाए जाने का विरोध किया था। इस पर ऑटो चालकों ने भी शहर में प्रदर्शन किए थे, लेकिन ऑटो यूनियन ने प्रशासन के आदेश का दरकिनार कर अपने हिसाब से किराया तय कर लिया है।
विद्यार्थियों के हित को देखते हुए लिया फैसला
रेलवे स्टेशन पर हुई बैठक की अध्यक्षता प्रधान राजेंद्र सोनी ने की। बैठक में फैसला लिया गया कि स्कूल और कॉलेजों में पढ़ने वाले बच्चों से किराया शहर में केवल 10 रुपये लिया जाएगा। राजेंद्र सोनी ने बताया कि यह फैसला विद्यार्थियों के हित को देखते हुए लिया गया है। उनके घर में भी बच्चे हैं और वो समझते हैं कि उन्हें स्कूलों में पढ़ाना कितना महंगा है। इसलिए सभी ऑटो और ई-रिक्शा चालकों ने फैसला लिया है कि विद्यार्थियों का किराया 10 रुपये रखा जाएगा।
सड़क के बीच में नहीं रोकेंगे ऑटो
अब तक पुलिस इस तरह के निर्देश जारी करती थी कि कोई भी चालक अपना ऑटो सड़क के बीच में नहीं रोकेगा। इससे हादसे होने का डर रहता है। साथ ही यातायात प्रभावित होता है। मगर अब ऑटो और ई-रिक्शा यूनियन ने ही यह फैसला लिया है। प्रधान राजेंद्र सोनी ने बताया कि सभी ऑटो चालक यातायात नियमों का पालन करेंगे। कोई भी ऑटो बीच सड़क पर नहीं रोका जाएगा। रेलवे स्टेशन पर हुई बैठक में सचिव नरेंद्र शर्मा, कैशियर गौरव पंवार, पवन, सुरेश, अशोक, राजबीर, अजय कुुमार आदि उपस्थित रहे।