भिवानी। भाजपा स्वाधीनता संग्राम के उन भूले-बिसरे व उपेक्षित वीरों के बलिदान को उचित सम्मान दिलाने के लिए प्रयासरत है, जिन्हें कांग्रेस की षड्यंत्रकारी सोच ने जनता के सामने आज तक नहीं आने दिया। यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने बुधवार को राजपूत धर्मशाला में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने बताया कि 23 जनवरी को 7500 स्थानों पर छह लाख लोग आजाद हिंद फौज का तराना गाकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उनको श्रद्धांजलि देंगे।
उन्होंने कहा कि स्वाधीनता सेनानी काला पानी के दौरान जिन जेलों में रहे थे, उस पवित्र तीर्थ को कांग्रेस सरकारों ने अस्पतालों में बदल डाला था। भाजपा इस बार नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर प्रदेश भर में एक समय पर 7500 स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। इसी कार्यक्रम के लिए कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश देने के लिए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भिवानी पहुंचे थे।
धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस ने सभी स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान किया होता तो आज हमारे युवाओं के सामने प्रेरणा के लिए आजादी काल की लाखों शौर्य गाथाएं होतीं। कांग्रेस ने लाखों बलिदानियों के नाम सामने नहीं आने दिए। भाजपा ने यह निर्णय लिया है कि आजादी के 75वें वर्ष में भुला दिए, बलिदानियों के नाम भी उजागर कर देश व प्रदेश के बच्चों तक पहुंचाएंगे।
हर गांव और वार्ड में होंगे कार्यक्रम
ओपी धनखड़ ने कहा कि हरियाणा के भी सैकड़ों लोग आजाद हिंद फौज और अन्य आंदोलनों में हिस्सा लेकर शहीद हुए। भाजपा ऐसे वीरों को 23 जनवरी को याद करेगी। इसके लिए प्रदेश के हर वार्ड और गांव में नेेताजी का चित्र और उनके द्वारा दिए गए नारे एवं गीत पहुंचा दिए हैं। हर कार्यक्रम स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। हर स्थान पर लगभग 75-75 लोग रहेंगे। ऐसे पूरे प्रदेश में 7500 स्थानों पर लगभग छह लाख मौजूद रहकर स्वतंत्रता के नायक को याद करेंगे।
सुभाष चंद्र बोस के क्रांतिकारी कार्यों को देश से छिपाया गया
धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस ने सुभाष चंद्र बोस और उन जैसे हजारों बलिदानियों के साथ धोखा किया है, जिन्होंने आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा किए गए क्रांतिकारी कार्यों को भी देश से छिपाया गया। सेल्युलर जेल में स्वतंत्रता सेनानियों के साथ बहुत अमानवीय व्यवहार होता था, लेकिन आजादी के बाद भी कांग्रेस ने न तो इन बातों का जिक्र बाहर आने दिया और न ही उन क्रांतिकारियों का, जिन्होंने यह सब झेला। कार्यक्रम के उपरांत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ भाजपा जिला अध्यक्ष शंकर धूपड़ के भाई के निधन पर शोक प्रकट करने पहुंचे थे।