भिवानी। तीसरी लहर के दौरान जिले में कोरोना संक्रमण से बुधवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति हिसार के जिंदल अस्पताल में उपचाराधीन था। वहीं दूसरी ओर बुधवार को शहर में 92 नए संक्रमित मिले हैं। 1600 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट गुरुवार को आएगी। जिला स्वास्थ्य विभाग लगातार टीकाकरण अभियान चला रहा है।
बता दें कि कोरोना की तीसरी लहर जिले को चपेट में लेने लगी है। अब तक जहां 300 से ज्यादा लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। वहीं एक व्यक्ति की मौत भी कोरोना के कारण हो गई है। बता दें कि पतराम गेट निवासी 43 वर्षीय व्यक्ति कुछ दिन पहले कोरोना की चपेट में आ गया था। कोरोना के साथ ही उसे शुगर और किडनी फेलियर और लीवर संबंधी परेशानी भी थी।
रिकॉर्ड के अनुसार उक्त व्यक्ति शराब पीने का भी आदि था। इन सभी कारणों से उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो गई और उसकी मौत हो गई। जिले में संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या हर रोज पहले से ज्यादा होती है, जबकि 40 लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं। बुधवार को भी 92 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
दोनों टीके लगवाने वाले 163 लोग आ चुके संक्रमण की चपेट
जिले में अब तक कुल 22707 कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक कुल 564390 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। अब तक जिले पहली डोज लगवाने वाले 75 लोग और दूसरी डोज लगवाने वाले 163 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा हर रोज सैकड़ों लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। जिले भर में गांव स्तर पर यह अभियान चल रहा है। इसके अलावा 35 सेंटरों पर किशोरों को भी टीके लगाए जा रहे हैं। एहतियात डोज लगानी भी स्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दी है।
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव का रास्ता सावधानी है। सावधानी रखें, मुंह पर मास्क लगाएं, सामुदायिक दूरी का पालन करें और बार-बार हाथों को साबुन से धोते रहें। सभी पात्र वैक्सीन लगवाएं। बचाव को प्राथमिकता दें। संक्रमण होने पर घबराएं नहीं और नियमानुसार सावधानी रखते हुए पूरा इलाज लें।
- डॉ. रघुबीर शांडिल्य, सिविल सर्जन, नागरिक अस्पताल, भिवानी।