खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार को शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर स्वाद और मिठास में मिलावट जांचने के लिए सैंपलिंग अभियान शुरू किया। शनिवार को ही कार्यभार संभालने वाली डॉ. हर्ष कुमारी ने अपनी टीम के साथ शहर में छह से आठ दुकानों पर पनीर, खोवा, छोले और रसगुल्लों की गुणवत्ता जांचने के लिए सैंपलिंग करवाई। इसकी रिपोर्ट अब आगामी 20 दिनों में प्राप्त होगी और उसी के आधार पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
दुकानदारों में मचा हडकंप
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई कार्रवाई के चलते शहर के मिठाई संचालक दुकानदारों में हड़कंप मच गया। दुकानदार एक दूसरे के पास फोन करके यह पूछते रहे की टीम चली गई या नहीं। टीम ने घंटाघर, हांसी गेट, बिचला बाजार, हालु बाजार सहित अनेक स्थानों पर सैंपल भरे।
अब मिल पाएगी त्यौहार पर शुद्ध मिठाई
हाल ही में गया त्योहारी सीजन में शहर के लोगों ने जो मिठाई खाई वो सेहत के लिए कितनी सेहतमंद थी, इसकी परवाह स्वास्थ्य विभाग ने नहीं की थी। अगले दो महीने में फिर से त्योहारी सीजन शुरू होगा। अब जो दुकानदार खाने पीने की वस्तुओं में मिलावट करते होंगे उन पर नकेल कसने का काम त्योहारी सीजन से पहले ही शुरू हो जाएगा। भिवानी का अतिरिक्त कार्यभार संभालने वाली फूड एंड सेफ्टी अधिकारी डॉ. हर्ष कुमारी ने बताया कि सैंपलिंग का अभियान निरंतर चलता रहेगा। जिस भी दुकानदार की सैंपलिंग में मिलावट मिलेगी उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वर्जन:
शनिवार को करीब छह से आठ दुकानों पर जांच के लिए खोवा पनीर रसगुल्लों के सैंपल लिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। अभियान निरंतर चलता रहेगा जो भी लोग लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करते पाए गए उनको किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।
- डॉ. हर्ष कुमारी, जिला अधिकारी, फूड एंड सेफ्टी विभाग, भिवानी।