जल्द विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कड़े फैसले लेगी एबीवीपी
- सीबीएलयू में दूसरे दिन भी जारी रहा एबीवीपी का धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
भिवान। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मंगलवार को दूसरे दिन भी सीबीएलयू परिसर में धरना दिया। इस दौरान एबीवीपी पदाधिकारियों व विद्यार्थियों ने सीबीएलयू प्रशासन पर विद्यार्थी विरोधी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर जल्द विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो एबीवीपी कड़े फैसले लेगी।
एबीवीपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राहुल वर्मा व जिला संयोजक सचिन शेखावत ने आरोप लगाया कि सीबीएलयू द्वारा लंबे समय से विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा परिणाम में त्रुटि सहित अन्य मांगों को लेकर एबीवीपी पहले भी मांगपत्र सौंप चुका है, लेकिन समस्या ज्यों की त्यों है। इसके बाद मजबूरन एबीवीपी पदाधिकारी धरने पर बैठने पर मजबूर हुए।
उन्होंने भूगोल विभाग का परीक्षा परिणाम ठीक किए जाने व विश्वविद्यालय की पाठ्यक्रम कक्षाओं का परीक्षा परिणाम जल्द से जल्द घोषित किए जाएं। वहीं विश्वविद्यालय में कैंटीन खुलवाने, विश्वविद्यालय में बस चलवाने व विश्वविद्यालय की पाठ्यक्रम कक्षाओं के एसी चलवाने व छात्राओं की सुरक्षा के लिए विश्वविद्यालय के बाहर पुलिस बूथ की स्थापना करवाने सहित अन्य मांगों को लेकर धरनारत हैं। सीबीएलयू के कुलपति व परीक्षा नियंत्रक ने मांगपत्र की मांगे मानते हुए पुलिस बूथ की स्थापना के लिए भिवानी पुलिस अधीक्षक से बात करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इस मौके पर इकाई अध्यक्ष सुदीप ढिल्लों, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ललित राज, ज्योति, भारती, कनिका, पूजा, अंजू, सिमरन आदि मौजूद रहे। संवाद