रोहनात निवासी वेद सिंह मौत मामले में मंगलवार को लघु सचिवालय के बाहर प्रस्तावित महापंचायत को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। निगरानी भी बढ़ा दी है। पुलिस ने लघु सचिवालय के बाहर चिड़ियाघर रोड के 200 मीटर हिस्से पर बैरिकेडिंग कर दी है। इस क्षेत्र में वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है। सिर्फ लघु सचिवालय के कर्मचारी और अधिकारी ही वाहन लेकर अंदर जा सकते हैं। उधर, आम लोगों को पैदल ही अंदर जाना होगा।
धीरे-धीरे महापंचायत को लेकर विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और रोहनात के ग्रामीण लघु सचिवालय के बाहर जुटने लगे हैं। रोहनात के ग्रामीणों की मांग है कि वेद सिंह के कथित सुसाइड नोट के अनुसार डीसी, डीआरओ और सदर कानूनगो के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएं लेकिन अभी तक इन अधिकारियों के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। इस मामले में महापंचायत करने का फैसला लिया गया है। इसी महापंचायत में आगामी रूपरेखा तय की जाएगी।