भिवानी। रोहतक रोड के पालुवास मोड़ स्थित एक फाइनेंस कंपनी के ऑफिस के ताले और शीशे तोड़कर 100 किलोग्राम वजनी तिजोरी चोरी हो गई। तिजोरी के अंदर 617088 रुपये की नकदी रखी हुई थी। कंपनी ब्रांच मैनेजर ने मामले की शिकायत औद्योगिक पुलिस थाने में दी।
पुलिस को दी शिकायत में फलावदा जिला मेरठ उत्तरप्रदेश निवासी मोहित कुमार ने बताया कि वह कमल फिनकैप प्राइवेट कंपनी में बतौर मैनेजर लगा हुआ है। उसकी कंपनी का ऑफिस पालुवास मोड़ की हुडा मार्केट में है। उसकी कंपनी महिला स्वयं सहायता समूहों को लोन देने का काम करती है। जिसका मुख्यालय राजस्थान के कोटा में है। गत 11 सितंबर की शाम साढ़े सात बजे वह ब्रांच ऑफिस के अंदर रखी तिजोरी में 617088 रुपये की नकदी रखकर उसे बंद कर घर चला गया था। तिजोरी के अंदर 10 सितंबर को रिकवरी के आए 420127 रुपये व 11 सितंबर को रिकवर हुए 196961 रुपये रखे हुए थे। गत 13 सितंबर की सुबह आठ बजे जब वह ब्रांच ऑफिस पहुंचा तो नीचे के कमरे का शीशा टूटा हुआ था और पीछे के शीशे भी तोड़ रखे थे। ब्रांच ऑफिस के अंदर रखी तिजोरी भी गायब थी। उसने बताया कि करीब सौ किलो वजनी तिजोरी चोरी हो गई थी। जिसकी जानकारी उसने पहले कंपनी के मुख्यालय के अधिकारियों को दी। जिसके बाद मामले की जानकारी औद्योगिक पुलिस थाने में दी। चोर तिजोरी तोड़ने की बजाए 617088 रुपये की नकदी से भरी भारी भरकम तिजोरी को ही उठाकर ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना किया और इस संबंध में ब्रांच मैनेजर मोहित कुमार की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया।
औद्योगिक पुलिस थाना एसएचओ रणबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के कार्यालय से तिजोरी चोरी का केस दर्ज किया है। फिलहाल मौके से चोरों का सुराग लगाने के लिए एक्सपर्ट टीम ने तथ्य जुटाए हैं। इस संबंध में पुलिस की छानबीन जारी है।