भिवानी। प्रदेशभर के सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए मिड डे मील तैयार करने वाली 32 हजार वर्कर्स को पिछले छह माह से मेहनताना भुगतान नहीं हो रहा है। इससे वर्कर्स में रोष है।
प्रजापति धर्मशाला में मिड डे मील वर्कर्स यूनियन संबंधित एआईयूटीयूसी ने पत्रकार वार्ता की। यूनियन की राज्य प्रधान राजबाला, महेंद्रगढ़ जिला प्रधान सुनीता जांगड़ा, एआईयूटीयूसी के राज्य प्रधान राजेंद्र सिंह एडवोकेट, उपाध्यक्ष रामफल, जिला सचिव राजकुमार बासिया ने कहा कि मिड डे मील वर्कर्स आर्थिक संकट के दौर से गुजर रही हैं। उन्होंने कहा कि साल भर में मिड डे मील वर्कर्स को मात्र दस माह का ही प्रति माह सात हजार रुपये का मेहनताना मिलता है। लेकिन ये मेहनताना भी छह माह से नहीं मिला है।
संगठन की मांग है कि मिड डे मील वर्कर्स को न्यूनतम वेतन 28 हजार मासिक दिए जाने, हर माह सात तारीक को भुगतान करने, गर्मी सर्दी की छुट्टी का मानदेय नहीं काटे जाने, सेवानिवृत्त की उम्र आंगनबाड़ी वर्करों की तर्ज पर 65 साल किए जाने और सामाजिक सुरक्षा दी जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो 27 अप्रैल को जिला मुख्यालय पर जिलेभर की मिड डे मील वर्कर प्रदर्शन कर सरकार को अपना मांग पत्र सौंपेंगी। संवाद