भिवानी। अब शहर की प्रमुख कॉलोनियों के पार्कों में बच्चों का मन लगेगा। वहीं बजुर्गों को भी दो पल का सुकून मिलेगा। इसके लिए नगर परिषद ने शहर के करीब 104 छोटे-बड़े पार्कों के जीर्णोद्धार का खाका तैयार किया है।
इन पार्कों पर नगर परिषद करीब दो करोड़ रुपये का भारी भरकम बजट भी खर्च करेगा। करीब सवा करोड़ रुपये के बजट से तो पार्कों की टूटी दीवारें व जर्जर हालत को सुधारा जाएगा। करीब 75 लाख रुपये का बजट पार्कों की हरियाली का दायरा बढ़ाने और उसके रखरखाव पर खर्च होगा।
नगर परिषद की बैठक में इस मसौदे पर सहमति की मुहर भी लग चुकी है। वहीं अधिकारियों ने पार्कों में क्या-क्या कार्य होंगे और कितना क्षेत्रफल में जीर्णोद्धार का काम होगा इसका खाका भी तैयार कर लिया है। शहर के लंबे अर्से से ये पार्क बदहाल पड़े थे, जिसके अंदर लावारिस पशु विचरण करते थे। वहीं इनके अंदर लगाए झूले और जिम भी टूट चुके थे, मगर अब उनको फिर से इस्तेमाल लायक किया जाएगा।
नगर परिषद ने शहर के 104 पार्कों के जीर्णोद्धार और बड़े पार्कों के अंदर हॉर्टिकल्चर का काम कराने एवं पार्कों के रखरखाव की जिम्मेदारी के लिए ठेका दिए जाने का मसौदा तैयार कर लिया है। नगर परिषद हाउस की बैठक में नगर परिषद अधिकारियों से इस मुद्दे पर भी विस्तृत चर्चा के बाद पार्षदों की सहमति बन चुकी है। ज्यादातर पार्क सेक्टर 13 और 23 के हैं, जिसके बाद कृष्णा कॉलोनी व अन्य बड़ी कॉलोनियों के बदहाल पड़े पार्कों के जीर्णोद्धार और उनके रखरखाव का प्रारुप को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
भिवानी शहर के पार्कों के रखरखाव नहीं होने की वजह से इनके अंदर की हरियाली भी चौपट हो चुकी है। वहीं कई पार्कों की बाहरी दीवारें भी टूट चुकी हैं, जिनके अंदर आसानी से लावारिस पशु भी पहुंच रहे हैं। टूटे पड़े झूलों और चौपट हो चुकी हरियाली की वजह से न बच्चों का यहां मन लग रहा था न बुजुर्गों को सुकून से बैठने की जगह मिल रही थी। ऐसे में नगर परिषद ने बड़े स्तर पर पार्कों के जीर्णोद्धार के लिए नए सिरे से खाका तैयार करना पड़ा। अब जल्द ही इन पार्कों के लिए टेंडर कराए जाएंगे। जिसके बाद यहां पर फिर से लोगों की चहल-पहल बढ़ जाएगी।
इन कॉलोनियों के पार्कों का होगा जीर्णोद्धार
कॉलोनी का नाम- पार्कों की संख्या
सेक्टर-13- 22
पुराना हाउसिंग बोर्ड- 04
आदर्श नगर- 02
विद्यानगर- 03
शिक्षा बोर्ड के पीछे ग्रीन बेल्ट- 02
सेक्टर 23- 09
एमसी कॉलोनी रोहतक रोड- 03
कृष्णा कॉलोनी- 06
संजीव कॉलोनी- 01
मेला ग्राउंड एमसी कॉलोनी- 03
जैन चौक- 01
लेबर कॉलोनी- 03
डीसी कॉलोनी- 03
दादरी गेट न्यू हाउसिंग बोर्ड- 03
कीर्ति नगर- 01
भारत नगर- 02
नंदलाल चावला पार्क- 01
तिकोना पार्क माल गोदाम- 01
रामनगर पार्क- 01
शिवनगर कॉलोनी- 02
मंडी टाउनशिप- 06
विकास नगर- 04
नेहरू पार्क- 01
ग्रीन बेल्ट होगी विकसित
बाल भवन के समीप और लघु चिड़ियाघर मार्ग पर ग्रीन बेल्ट भी विकसित की जाएगी। बैंक कॉलोनी में भी कुछ हिस्से में ग्रीन बेल्ट बनेगी। मंडी टाउनशिप में भी ग्रीन बेल्ट विकसित होगी। इसके अलावा शहर के कई अन्य हिस्सों में भी ग्रीन बेल्ट का जीर्णोद्धार होगा।
शहर के 104 पार्कों के जीर्णोद्धार पर करीब दो करोड़ रुपये का बजट खर्च होगा। नगर परिषद सदन की बैठक में पार्कों के जीर्णोद्धार मसले पर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा हो चुकी है और इनका अंतिम प्रारुप भी तैयार किया जा चुका है। जल्द ही पार्कों के जीर्णोद्धार उनकी रिपेयरिंग व ग्रीन बेल्ट विकसित किए जाने के संबंध में टेंडर लगाकर काम शुरू कराए जाएंगे।
- भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि नगर परिषद भिवानी।