डेंगू मच्छर के लारवा की जांच करते स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। जिले में बुधवार को डेंगू के एक साथ 19 नए मरीज सामने आए हैं। पहली बार इतने मरीज मिले हैं। इससे पहले एक दिन में 14 मरीज मिले थे। डेंगू मरीजों की संख्या 178 हो गई है। वहीं 158 मरीज रिकवर हो चुके हैं और 20 मरीज अस्पताल में दाखिल हैं।
लगातार बढ़ रहे केसों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी एंटी लारवा अभियान अधिक सक्रिय कर दिया है। विभाग की 141 टीमें एंटी लारवा अभियान और फीवर मास सर्वे में जुटी हुई हैं। अभियान के दौरान डोर टू डोर डेंगू मच्छर के लारवा की जांच की जा रही है। साथ ही बुखार के मरीजों की जांच के साथ ही रिकॉर्ड भी दर्ज किया जा रहा है। वहीं जिन घरों में डेंगू मच्छर का लारवा मिलता है उन्हें चेतावनी नोटिस भी जारी किया जा रहा है। जिले में अब तक डेंगू मच्छर का लारवा मिलने पर 3994 को चेतावनी नोटिस जारी किया जा चुका है।
55 डेंगू आशंकित मरीजों के सैंपल भेजे लैब
एंटी लारवा अभियान और फीवर मास सर्वे के दौरान 55 डेंगू आशंकित मरीजों के सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे हैं। मलेरिया की जांच के लिए शहरी क्षेत्र में 40 और ग्रामीण क्षेत्र में 168 ब्लड स्लाइड बनाई, गनीमत रही कि सभी की रिपोर्ट निगेटिव रही। जिले में डेंगू की जांच के लिए अब तक 1573 सैंपल लिए हैं, जिनमें से 178 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें से 158 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और 20 उपचाराधीन हैं।
सफाई का विशेष ध्यान रखें
डेंगू से बचाव के लिए एंटी लारवा व फीवर मास सर्वे लगातार जारी है। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने ग्रामीण क्षेत्र में 4806 घर और शहरी क्षेत्र में 1402 घर कवर किए हैं। इन घरों में मरीजों की जांच, डेंगू मच्छर के लारवा की जांच, जागरूकता पोस्टर वितरण करने का कार्य किया है। आमजन से अपील है कि अपने घरों में सफाई का विशेष ध्यान रखें।
- डॉ. संध्या गुप्ता, डिप्टी सिविल सर्जन।