कुरुक्षेत्र के पिहोवा से संगीत के क्षेत्र में हरियाणा का नाम चमकाने वाली गायिका बेबी सोनिया शर्मा का सोमवार सुबह अपहरण हो गया। पुलिस ने सोनिया शर्मा के भाई संजीव शर्मा की शिकायत पर गुड़गांव के सात लोगोें के खिलाफ अपहरण करने के आरोप में केस दर्ज किया है।
आरोपियों में गुड़गांव निवासी नंद लाल, रमन कपूर, राहुल, रवि और तीन अन्य लोग शामिल हैं। गौरतलब है कि रमन कपूर पॉप स्टार मीका सिंह के म्यूजिक बैंड का सदस्य है।
संजीव शर्मा ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि उसकी बहन सोनिया शर्मा सोमवार सुबह पूजा करने के लिए सरस्वती मंदिर गई थी। जब वह काफी देर तक नहीं लौटी तो परिजनों ने उसका आस-पड़ोस व रिश्तेदारी में पता किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
संजीव शर्मा के अनुसार जब उन्होंने इस मामले में गुड़गांव के एक परिवार से फोन पर पूछताछ की तो सभी परिवार वालों के अलग-अलग जवाब मिलने से उनका शक बढ़ गया। उस परिवार से दोबारा संपर्क करने की कोशिश की गई तो सबके मोबाइल फोन बंद थे। उनको शक है कि सोनिया शर्मा के अपहरण में इस परिवार की मुख्य भूमिका है।
गौरतलब है कि करीब साढ़े 14 साल वर्षीय सोनिया शर्मा पिहोवा स्थित एसआईएस अकादमी में 11वीं कक्षा में पढ़ती है। उसके पिता सीआईएसएफ में सब इंस्पेक्टर के पद पर चंडीगढ़ स्थित पंजाब हरियाणा सचिवालय में सेवारत हैं।
दिल्ली की रेंज में मिला सेल फोन
सोनिया के सेलफोन की लोकेशन सोमवार सुबह करीब 9:45 बजे दिल्ली की रेंज में बताई गई है। पुलिस के अनुसार फिलहाल यह मोबाइल बंद है।