क्रिसमस पर शहर के चर्च में चल रहे धार्मिक कार्यक्रम से निपटकर दो दोस्त चर्च कंपाउंड से बाहर निकले तो बाइक पर सवार दो युवक आए। उन्हें देख एक दोस्त भाग गया। बाइक पर सवार युवकों ने दूसरे दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गए। पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर के नाहन हाउस स्थित वाल्मीकि बस्ती निवासी हिमांशु ने थाना बलदेव नगर में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि उसके दोस्त करनप्रीत सिंह की करीब एक सप्ताह पहले सेक्टर एक की मार्केट में दीपांशु वासी मॉडल टाउन के साथ कहासुनी हो गई थी। इसके बाद उसका दोस्त अपने घर चला गया था। शनिवार को क्रिसमस के दिन वह अपने दोस्त करनप्रीत सिंह के साथ अंबाला शहर के चर्च कंपाउंड में गया था। जहां क्रिसमस को लेकर धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था।
इसके बाद दोपहर के समय वह अपने दोस्त करनप्रीत के साथ चर्च कंपाउंड से बाहर निकले। तभी उनके सामने बाइक पर एक अन्य युवक के साथ दीपांशु वहां आया। उसने बाइक से उतरते ही करनप्रीत को धक्का मारा। धक्का लगने के बाद करनप्रीत डर के कारण मौके से भाग गया। इसके बाद उन दोनों युवकों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से वह घायल हो गया और जमीन पर गिर गया। इसके बाद दोनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायल को अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया।