अंबाला शहर में अधिकारियों के साथ बैठक करते उपायुक्त विक्रम सिंह।
- फोटो : Ambala
उपायुक्त विक्रम सिंह ने वीरवार को अपने कार्यालय में अंबाला जिला में रेलवे के माध्यम से माल ढुलाई के संबंध में डेडिकेटिड फ्रेट कोरिडोर (रेल लाइन) के अधिकारियों व स्थानीय उद्योगपतियों के साथ एक बैठक ली। बैठक में उन्होंने इस दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उपायुक्त ने कहा कि वे अंबाला उन्नति की ओर बढ़ सके, इसके दृष्टिगत कार्य करें, ताकि यहां पर रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।
बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों ने बताया कि लुधियाना से कोलकाता तक डेडिकेटिड फ्रेट कोरिडोर (रेल लाइन) का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के तहत वाया अंबाला, सहारनपुर, कानपुर, प्रयागराज होते हुए कोलकाता तक कोरिडोर बनाया जा रहा है। उपायुक्त ने स्थानीय उद्योगपतियों को कहा कि अंबाला में भी इस कोरिडोर के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें, इसके लिए वे आगे आकर कार्य करें। जिला प्रशासन व राज्य सरकार द्वारा उनका पूरा सहयोग किया जाएगा। बैठक में पीपीटी के माध्यम से कोरिडोर से संबंधित संपूर्ण प्रक्रिया को दिखाया गया।
उपायुक्त विक्रम सिंह ने उद्योगपतियों से कहा कि इस कोरिडोर के दृष्टिगत वह अपने उद्योग इसके नजदीक स्थापित कर सकते हैं। इससे उन्हें अपने माल को लाने व ले जाने में सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि कोरिडोर के तहत जिला अंबाला में भी मालवाहक गाड़ियों का ठहराव होगा, जिससे यहां के उद्योगपतियों व व्यापारियों को काफी लाभ मिलेगा। बैठक में डेडिकेटिड फ्रेट कोरिडोर से संयुक्त महाप्रबंधक अशोक कुमार, वाईऐसीससीआई से रमन सलूजा, एनएस पनवर, सीएस शर्मा, यूएस सोलंकी, केएस राणा आदि मौजूद रहे।