अंबाला। गांव शेरपुर सुलखनी में पंचायती गली पर हुए विवाद में दो पक्षों में झड़प हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर रॉड, ईंटों और डंडों से हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को सौंपी शिकायत में राजेश कुमार ने बताया कि पंचायती गली को लेकर उसका सुभाष के साथ विवाद चल रहा है। गत दिवस वह अपने घर से ट्रैक्टर लेकर खेत में जा रहा था। इसी बीच सुभाष ने परिजनों के साथ उसका रास्ता रोक लिया और लोहे की रॉड, ईंट और डंडों से हमला कर दिया। वह जान बचाने के लिए घर की तरफ भागा, लेकिन आरोपी ने पीछे से उसके सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया। उसके सिर में गंभीर चोट आई है। आरोप है कि सुभाष ने झूठी शिकायत देकर उनका चालान भी करा दिया था। अभी भी पुलिस थाना में झूठी शिकायत सौंपी है। पुलिस ने राजेश की शिकायत पर आरोपी सुभाष, उसकी पत्नी सुनीता, पुत्र अश्वनी, पुत्रवधू सीमा, बेटी अनुराधा, मातना व विशु के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
दूसरे पक्ष ने महिलाओं से दुर्व्यवहार की सौंपी शिकायत
दूसरे पक्ष ने भी राजेश व अन्य के खिलाफ थाना मुलाना पुलिस को मारपीट करने तथा महिला से दुर्व्यवहार करने की शिकायत सौंपी है। पुलिस ने शिकायत पर राजेश सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी राजेश कुमार व एएसआई ओमी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।