अंतरराज्जीय ट्रैक्टर-ट्राली चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरीशुदा 8 ट्रैक्टर, एक ट्राली व एक रूटावेटर बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार सीआईए नारायणगढ़ ने निरीक्षक सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए 22 अक्तूबर 2021 को थाना मुलाना में दर्ज चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया था। जिसकी पहचान जिशन निवासी गांव घघरोह थाना सरसावा जिला सहारनपुर उत्तरप्रदेश के रूप में हुई।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने भूरा निवासी अलीपुर भागूवाला थाना मिर्जापुर जिला सहारनपुर उत्तरप्रदेश व अन्य साथियों के साथ मिलकर नारायणगढ़, शहजादपुर व मुलाना और यमुनानगर व करनाल क्षेत्र से ट्रैक्टर-ट्राली चोरी की हैं। इसके बाद दूसरे आरोपी को काबू कर लिया गया।
इस मामले के संबंध में शिकायतकर्ता संजीव कुमार निवासी गांव पंजलासा, राजेन्द्र सिंह निवासी गांव अम्बली, धामू हुसैन निवासी फिरोजपुर काठका, थाना नारायणगढ़ में ट्रैक्टर और रूटावेटर चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। वहीं शिकायतकर्ता धर्मेंद्र सिंह निवासी सिरसगढ़ थाना मुलाना व सालीम खान निवासी गांव तलहेड़ी गुजरान ने थाना शहजादपुर में ट्रैक्टर-ट्राली चोरी होने का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने सभी मामले दर्ज कर जांच सीआईए नारायणगढ़ को सौंपी थी।