शंभू बॉर्डर के पास लगे टेलीकॉम टॉवर से तीन युवकों ने 24 बैटरियां चोरी कर ली। वे बैटरियों को गाड़ी में लोडकर अंबाला बेचने आ रहे थे। इस दौरान चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस ने नाकाबंदी कर दी। वाहनों की जांच के दौरान उन्होंने बैटरियों समेत एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस को सूचना मिली कि तीन युवक सफेद रंग की गाड़ी में पंजाब से टॉवर की बैटरियां चोरी करके बेचने की नीयत से पंजाब से अंबाला आ रहे है। सूचना के बाद पुलिस ने टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस को सामने से एक गाड़ी आते हुए दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया तो गाड़ी में सवार दो युवक मौके से फरार हो गए लेकिन पुलिस ने एक युवक को काबू कर लिया। पुलिस ने गाड़ी की जांच की तो 24 बैटरियां बरामद हुईं। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान अनिल कुमार निवासी गांव खाबडा कला डाणी प्रेमनगर जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। आरोपी युवक ने बताया कि वह एटीसी टेलीकॉम कंपनी में नौकरी करता है। उसके दो साथियों में से एक लड़का जसबीर सिंह राजपुरा का रहने वाला है और इसी कंपनी में काम करता है। दूसरा लड़का कबीर भिवानी जिले का रहने वाला है और वह चंडीगढ़ मनी माजरा में टॉवर कंपनी में नौकरी करता है। इसके बाद उन्होंने अपनी ही कंपनी का शंभू बैरियर के पास लगे टॉवर पर लगी 24 बैटरियां चोरी कर गाड़ी में रख ली और बेचने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने इस मामले में एएसआई चांदी राम की शिकायत पर आरोपी अनिल कुमार, जसबीर सिंह व कबीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।