अंबाला। डुलियाना स्थित सुरेन्द्र पोल्ट्री फार्म पर बदमाशों द्वारा तमंचों के बल पर लूटपाट की गुत्थी वारदात के चार दिन बाद भी अनसुलझी है। अभी तक पुलिस ने कोई भी गिरफ्तारी नहीं की है। एक फुटेज में एक पिकअप गाड़ी दिख भी रही है लेकिन उसके नंबर का पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस अधीक्षक अंबाला जश्नदीप रंधावा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मुर्गे ले जाने वाली पिकअप गाड़ियों का जल्द पता लगाया जाएगा।
बता दें कि 12 मार्च शनिवार को बदमाशों ने दो कर्मचारियों को बंधक बनाकर लाखों रुपये के मुर्गों को लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। बंधक बनाने के बाद बदमाशों ने अपने करीब 10 लोग व दो पिकअप को बुलाकर करीब 2 हजार मुर्गे लेकर फरार हो गए। लुटेरों ने कर्मचारियों को पुलिस पीछे पड़ी होने की बात कही और कहा कि वो करीब एक घंटा यहीं रूकेंगे। बाद में अपने साथियों को बुलाकर पिकअप गाड़ी में मुर्गे ले गए। सूचना मिलते ही मौके पर मुलाना पुलिस पहुंची और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए थे। अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी थी। इसके बाद भी अभी तक कोई सुराग नहीं लगा।