अंबाला सिटी। एसए जैन कॉलेज के चौकीदार से छीनाझपटी की गई। दो बाइक पर आए पांच बदमाश उसका मोबाइल फोन, नकदी व अन्य सामान छीनकर ले गए। मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि कॉलेज रोड पर बाइक सवारों ने वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची चौकी नंबर एक पुलिस ने नाकाबंदी कराई लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। कोतवाली थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई। शालीमार कालोनी के रामानंद ने बताया कि वह एसए जैन कॉलेज में चौकीदार के पद पर कार्यरत है। मंगलवार की रात वह ड्यूटी समाप्त करने के बाद करीब साढ़े 12 बजे साइकिल पर घर लौट रहा था। कॉलेज के दूसरे गेट पर पहुंचा तो दो बाइकों पर पांच लड़के वहां आए और उससे मोबाइल फोन, 900 रुपये, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और कॉलेज का पहचान पत्र छीनकर ले गए। कोतवाली थाना प्रभारी राम कुमार के अनुसार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। सीआईए व साइबर टीमों की मदद ली जा रही है।