खुद को नाबालिग बताने वाले एक लड़की ने अपनी सौतेली बुआ, दादी व एक बिचौलिए पर खुद को बेचने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उसे बेचने के बाद उसका विवाह रोपड़ में एक व्यक्ति से कर दिया गया। उसके कथित पति ने उसके साथ दो माह जबरन दुराचार किया। जबकि उसके कथित सास, ससुर व ननद उसे बुरी तरह पीटते थे। इसलिए वह वहां से बचकर भाग आई है। नारायणगढ़ के डीएसपी इस मामले की जांच कर रहे हैं।
नारायणगढ़ महिला थाने में शिकायत देने वाली इस लड़की ने सीएम विंडो समेत राष्ट्रीय महिला आयोग, राज्य महिला आयोग, मानवाधिकार आयोग, डीजीपी हरियाणा, मुख्य सचिव हरियाणा सरकार को शिकायत भेजी है। जिसमें वह अपनी उम्र 14 साल बता रही है। लड़की का यह भी आरोप है कि महिला थाने में न केवल उसकी शिकायत को दबा दिया गया, बल्कि आरोपियों को भी आज तक नहीं पकड़ा गया। उल्टे उसके खिलाफ रोपड़ थाने में उसके कथित पति ने उसी के खिलाफ 20 लाख चोरी का झूठ केस दर्ज करवा दिया है। अब उसकी कहीं भी सुनवाई नहीं हो रही है। वह और उसकी मांग दो महीने से न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। नई महिला थाना प्रभारी बिमला देवी ने मुझसे इस मामले में दोबारा शिकायत ले ली है। लेकिन इस पर भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लड़की का यह भी आरोप है कि उसे ससुराल में पीटते हुए उसकी सास ने उससे कहा था कि उसे वे लोग पांच लाख रुपये में खरीदकर लाए हैं।
----
इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सीएम विंडो से शिकायत प्राप्त हो गई है। शिकायतकर्ता से उसका जन्म प्रमाण पत्र मांगा गया है। यदि रिकॉर्ड में लड़की नाबालिग पाई जाती है तो निश्चित तौर पर पोक्सो का केस दर्ज किया जाएगा। जांच में यदि अन्य आरोप भी सही पाए गए तो निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी।
रजनीश शर्मा, डीएसपी नारायणगढ़।
---------------------
रोपड़ पुलिस लड़की को लेने आई थी। उसे 5 अगस्त को रोपड़ थाने में बुलाया गया था। उसके ससुराल वालों ने 20 लाख रुपये लेकर भागने के आरोप लगाए हैं। लड़की ने अपनी शिकायत में नहीं बताया था कि वह नाबालिग है। अब उससे जन्म का प्रमाण मांगा गया है। कल लड़की को थाने में बुलाया गया है।
बिमला देवी, महिला थाना प्रभारी नारायणगढ़।